नवरात्रि हवन का महत्व : सहजयोग में हवन - आत्मचिंतन, समर्पण और आंतरिक शुद्धि का माध्यम

  • Share on :

नवरात्रि के अवसर पर हवन का विशेष महत्व माना जाता है। सहज योग में हवन केवल अग्नि में आहुति देने की परंपरा नहीं, बल्कि अपने भीतर की नकारात्मकता को पहचानकर उससे मुक्त होने और आत्मिक शुद्धता की ओर बढ़ने का एक माध्यम है।
हवन - वातावरण की शुद्धि से आध्यात्मिक उन्नति तक
भारतीय संस्कृति में हवन को सदियों से पवित्र धार्मिक अनुष्ठान के रूप में महत्व दिया गया है। सामान्य मान्यता है कि हवन से वातावरण में पवित्रता का भाव उत्पन्न होता है और मन को शांति मिलती है। हवन में अग्नि को समर्पण, पवित्रता और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है। यही कारण है कि नवरात्रि की अष्टमी और नवमी को हवन करने की परंपरा है।
         आस्था है कि हवन के माध्यम से देवी-देवताओं के प्रति श्रद्धा और समर्पण व्यक्त किया जाता है तथा सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जाती है। इस प्रकार हवन हमारी धार्मिक परंपराओं से जुड़ने के साथ-साथ अपने भीतर सकारात्मक भावों को जागृत करने का अवसर भी प्रदान करता है।
सहज योग में हवन का विशेष स्वरूप
सहज योग की दृष्टि में आध्यात्मिक उन्नति का वास्तविक आधार आत्मसाक्षात्कार और ध्यान है। सहज योग हमें यह अनुभव करने की प्रेरणा देता है कि ईश्वर की अनुभूति बाहरी कर्मकांड तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे अपने भीतर भी खोजा जा सकता है। ध्यान के माध्यम से हम अपने सूक्ष्म तंत्र में स्थित चक्रों और नाड़ियों के प्रति सजग होते हैं। मंत्रों और श्लोकों के उच्चारण के साथ देवी-देवताओं के गुणों का स्मरण करते हुए हम अपने जीवन में उन सद्गुणों को अपनाने का प्रयास करते हैं।
     मानव जीवन में अनेक परिस्थितियाँ हमारे मन को प्रभावित करती हैं। किसी व्यक्ति का अप्रत्याशित व्यवहार, बीती हुई घटनाएँ, अनावश्यक चिंताएँ या समाज और संसार की परिस्थितियाँ हमारे भीतर विचारों और भावनाओं का बोझ उत्पन्न कर सकती हैं। कभी-कभी यही बोझ ध्यान में एकाग्रता और आंतरिक शांति के अनुभव में बाधा बन जाता है।
सहज योग की सूक्ष्म तंत्र संबंधी अवधारणा में ईड़ा नाड़ी को चंद्र नाड़ी भी कहा जाता है। इसे मन, भावनाओं और अतीत से जुड़ी प्रवृत्तियों के साथ संबंधित माना जाता है। जब हम इन प्रभावों से अत्यधिक घिर जाते हैं, तो अपने भीतर संतुलन और सहजता बनाए रखना कठिन हो सकता है। सहज योग में ध्यान व अग्नि तत्व के माध्यम से ईड़ा नाड़ी से संबंधित नकारात्मकता को दूर किया जाता है।
सहज योग में सामूहिक हवन - नकारात्मकता से मुक्ति का प्रयास
नवरात्रि के पावन अवसर पर सहज योग में भी सामूहिक हवन का आयोजन किया जाता है। इस प्रक्रिया में साधक अपने हाथों से प्रवाहित होने वाली चैतन्य अनुभूति के माध्यम से अपनी ईड़ा नाड़ी से संबंधित असंतुलन और नकारात्मकता को दूर करते हैं।
सामूहिक हवन का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि अनेक साधक एक साथ आध्यात्मिक साधना में सहभागी बनते हैं। इससे सामूहिकता, श्रद्धा और आत्मिक उन्नति के प्रति समर्पण का भाव प्रबल होता है। इस प्रकार सहज योग में हवन का उद्देश्य केवल बाहरी वातावरण की पवित्रता तक सीमित नहीं रहता, बल्कि साधक को अपने भीतर झाँकने, अपनी कमियों को पहचानने और उनसे ऊपर उठने की प्रेरणा भी देता है।
सहजयोग  पूर्णतया निशुल्क है।   सहजयोग से संबंधित  जानकारी  टोल फ्री नं – 1800 2700 800 से प्राप्त कर सकते हैं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper