पश्चिम एशिया में महायुद्ध के संकेत: अमेरिका-इज़रायल के हमलों से दहला ईरान, आवासीय इलाकों में गिरीं मिसाइलें
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। अमेरिका और इस्राइल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ईरान पर हवाई हमले किए थे, जिनमें ईरान के कई शहर निशाने पर आए। आज फिर ईरान की राजधानी तेहरान के विभिन्न हिस्सों में लगातार जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं हैं। हालात लगातार बदल रहे हैं और क्षेत्र में संभावित बड़े संघर्ष का खतरा बढ़ गया है। नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता जारी है।
चीन ने संयुक्त राज्य अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान पर जारी सैन्य हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि इस तरह की कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों का उल्लंघन है। चीन ने सभी पक्षों से तुरंत सैन्य कार्रवाई बंद करने, तनाव कम करने और संवाद एवं बातचीत की ओर लौटने का आह्वान किया है।
इराक के एरबिल एयरपोर्ट के पास जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। यह एयरपोर्ट उस सैन्य ठिकाने के लिए जाना जाता है जहां अमेरिका-नेतृत्व वाली गठबंधन सेना तैनात है। स्थानीय पत्रकारों के मुताबिक, इससे पहले दिन में एयर डिफेंस सिस्टम ने एयरपोर्ट के आसपास उड़ रहे ड्रोन को मार गिराया था।
अमेरिका और इस्राइल की ओर से ईरान के खिलाफ शुरू किए गए सैन्य अभियान के बाद से एरबिल के ऊपर कई बार ड्रोन गतिविधियां देखी गई हैं। यह शहर एक बड़े अमेरिकी वाणिज्य दूतावास परिसर का भी केंद्र है, जिससे सुरक्षा को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
इस्राइल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ऑपरेशन रॉरिंग लायन की शुरुआत से अब तक 777 लोग अस्पतालों में लाए गए, जिनमें से 86 लोग वर्तमान में अस्पताल या इमरजेंसी रूम में भर्ती हैं। मंत्रालय के अनुसार, चार लोग गंभीर स्थिति में हैं, जिनमें से दो मिसाइल हमलों के सीधे प्रभाव से नहीं जुड़े हैं। 20 लोग मध्यम स्थिति में हैं और 58 लोग सुरक्षित स्थिति में हैं। इसके अलावा, चार लोगों की अतिरिक्त चिकित्सा जांच की जा रही है।
ईरान की न्यूज एजेंसी के अनुसार, केंद्रीय शहर सनंदज में हमले के दौरान कम से कम दो लोग मारे गए। रिपोर्ट में बताया गया कि शहर को शत्रु की मिसाइलों द्वारा निशाना बनाया गया और शहर के पुलिस स्टेशन के पास कई आवासीय इमारतें पूरी तरह नष्ट हो गईं। एजेंसी ने कहा कि अमेरिकी और इस्राइली सेनाओं ने शहर के विभिन्न हिस्सों में छह मिसाइलें दागीं, जिनमें घनी आबादी वाले इलाके भी शामिल थे।
साभार अमर उजाला

