सिंध नदी उफान पर, एसडीएम अनुपम शर्मा ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर लिया जायजा

  • Share on :

धमधोली में सड़क और मध्यान्ह भोजन की शिकायत पर सख्त निर्देश, बोले—लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं
करैरा/नरवर। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सिंध नदी के बढ़ते जलस्तर ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता बढ़ा दी है। जिला कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में करैरा एसडीएम श्री अनुपम शर्मा ने रविवार को प्रभावित ग्रामों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया। उन्होंने नरवर विकासखंड के सूंड़ एवं धमधोली गांव पहुंचकर नदी के जलस्तर, आवागमन और ग्रामीणों के सामने उत्पन्न समस्याओं की जानकारी ली।
सिंध नदी के उफान को देखते हुए एसडीएम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर आवागमन के रास्तों, राशन वितरण व्यवस्था तथा अन्य स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने और ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने के निर्देश
एसडीएम शर्मा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों को लगातार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतत निगरानी रखने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलस्तर अथवा आवागमन की स्थिति में किसी भी प्रकार का बदलाव होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।
सड़क की शिकायत पर मौके से कार्रवाई के निर्देश
ग्राम धमधोली में ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग की समस्या रखते हुए सड़क निर्माण की मांग की। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के जीएम को मौके का अवलोकन कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
मध्यान्ह भोजन में लापरवाही पर जताई नाराजगी
इसी दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय में प्रधानमंत्री पोषण आहार (मध्यान्ह भोजन) की गुणवत्ता और व्यवस्था को लेकर शिकायत की। एसडीएम ने मामले में बीआरसी नरवर को तत्काल जांच कर व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों के भोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विद्यालयों में प्रतिदिन निर्धारित मीनू के अनुसार पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार किया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता के साथ स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार नरवर श्री विजय त्यागी, सीईओ जनपद पंचायत नरवर श्री ब्रह्मेंद्र गुप्ता, राजस्व निरीक्षक, पंचायत निरीक्षक, पटवारी, सचिव सहित स्थानीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
हेमंत भार्गव शिवपुरी जिला ब्यूरो रणजीत टाईम्स न्यूज

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper