स्मृति मंधाना की बादशाहत कायम, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने वनडे रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग
दुबई। भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आईसीसी की जारी ताजा वनडे रैंकिंग में सातवें स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि उपकप्तान स्मृति मंधाना शीर्ष पर बरकरार हैं। हरमनप्रीत को रैंकिंग में एक स्थान का फायदा हुआ, जबकि न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाज़ी सोफी डिवाइन दो पायदान लुढ़कर नौवें नंबर पर खिसक गई हैं। भारत की एक अन्य बल्लेबाज जेमिमा रॉड्रिग्स 12वें स्थान पर मौजूद हैं।
न्यूजीलैंड की बल्लेबाज मैडी ग्रीन ने आईसीसी महिला चैंपियनशिप सीरीज में जिम्बाब्वे के खिालफ 94 रन की पारी खेली जिससे वह रैंकिंग में पांच स्थान के सुधार से 17वें नंबर पर पहुंच गई हैं। ऑलराउंडर अमेलिया केर बल्लेबाजों की रैंकिंग में 21वें स्थान से संयुक्त रूप से 19वें नंबर पर पहुंच गई हैं।
बल्लेबाजी रैंकिंग में न्यूजीलैंड की इसाबेल गेज भी तीन स्थान की छलांग लगाकर 61वें स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं, तेज गेंदबाज रोजमेरी मेयर सात स्थान ऊपर चढ़कर 58वें और ब्री इलिंग पांच स्थान की बढ़त के साथ 79वें स्थान पर पहुंच गई हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में कप्तान अमेलिया केर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ माउंट माउंगानुई में खेले गए पहले मुकाबले में 44 गेंदों पर 78 रन की पारी खेलकर करियर के सर्वश्रेष्ठ 694 रेटिंग अंक हासिल किए हैं। वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में आठवें स्थान पर बरकरार हैं।
जॉर्जिया प्लिमर ने 63 रन की पारी खेलकर अपनी रैंकिंग में सुधार किया है और वह 50वें से 41वें स्थान पर पहुंच गई हैं। टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में जेस केर ने 13 रन देकर दो विकेट लेने के प्रदर्शन के दम पर 11 स्थान की छलांग लगाकर 23वां स्थान हासिल किया है। वहीं, सोफी डिवाइन ने करियर के सर्वश्रेष्ठ 12 रन देकर चार विकेट झटके, जिससे वह 104वें स्थान से 79वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
साभार अमर उजाला

