क्रिकेट इतिहास में स्मृति मंधाना का महा-रिकॉर्ड: T20I में 600 चौके जड़ने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बनीं

  • Share on :

लीड्स। भारतीय स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 600 चौके पूरे कर इतिहास रच दिया और ऐसा करने वाली पुरुष एवं महिला क्रिकेट की पहली खिलाड़ी बन गईं। नीदरलैंड्स के खिलाफ 74 रन की शानदार पारी खेलते हुए मंधाना ने यह उपलब्धि हासिल की, जबकि भारत ने मुकाबला 95 रन से अपने नाम किया।
भारतीय महिला टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसे अब तक पुरुष या महिला क्रिकेट में कोई भी खिलाड़ी हासिल नहीं कर सका था। मंधाना टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 600 चौके लगाने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि महिला टी20 विश्व कप में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान हासिल की। हेडिंग्ले में खेले गए इस मैच में मंधाना ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से इतिहास रचते हुए 600वां चौका लगाया और टीम की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई।
पारी की शुरुआत करने उतरी मंधाना ने शानदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 74 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने कई आकर्षक चौके जड़े और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने चौकों की संख्या 604 तक पहुंचा दी। मंधाना ने यह उपलब्धि महज 168 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में हासिल की है। उनकी बल्लेबाजी का सबसे बड़ा आधार टाइमिंग, क्लासिक स्ट्रोक्स और मैदान के गैप्स का बेहतरीन इस्तेमाल रहा है।
चौकों के मामले में सबसे आगे स्मृति
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाली खिलाड़ियों की सूची में स्मृति मंधाना अब शीर्ष पर हैं। 
मंधाना और दूसरे स्थान पर मौजूद न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के बीच 80 से अधिक चौकों का अंतर है, जो उनकी निरंतरता और प्रभावशाली बल्लेबाजी को दर्शाता है।
नीदरलैंड्स के खिलाफ इस पारी के दौरान मंधाना ने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को पीछे छोड़ते हुए महिला टी20 विश्व कप में भारत की ओर से सबसे ज्यादा 50+ स्कोर (6) बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper