सोनम वांगचुक की पत्नी पहुंचीं दिल्ली हाई कोर्ट: सफदरजंग अस्पताल पर जताया अविश्वास, दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग

  • Share on :

नई दिल्ली. सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा न होने की बात कहते हुए मांग की है कि वांगचुक को तुरंत किसी दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की अनुमति दी जाए. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें इलाज के नाम पर गैरकानूनी तरीके से हिरासत में रखा गया है.
दिल्ली हाई कोर्ट में दायर याचिका में गीतांजलि ने कहा है कि सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर अपने अनिश्चितकालीन अनशन के 21वें दिन थे, जब उन्हें जबरन सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया. उनका कहना है कि अस्पताल में उन्हें परिवार, वकीलों और पिछले 20 दिनों से स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे डॉक्टरों से भी अलग रखा गया है.
याचिका में अदालत से मांग की गई है कि वांगचुक की मौजूदा हिरासत को असंवैधानिक और अनुच्छेद 19 और 21 का उल्लंघन घोषित किया जाए. साथ ही उन्हें तत्काल अस्पताल से रिहा करने या परिवार की पसंद के अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश दिया जाए.
गीतांजलि आंग्मो ने सोशल मीडिया पर भी अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि अस्पताल ने परिवार को बताया था कि वांगचुक के शरीर में पोटैशियम का स्तर घटकर 2.9 रह गया है, जिसे जानलेवा बताया गया. लेकिन सार्वजनिक हेल्थ बुलेटिन में यह आंकड़ा नहीं बताया गया और सिर्फ "पोटैशियम का स्तर घट रहा है" लिखकर छोड़ दिया गया.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper