पीएम स्वनिधि योजना से सोनू कुमार साहू के कारोबार को मिला संबल
10 हजार रुपये की ऋण सहायता से बढ़ी उम्मीद, समय पर भुगतान के बाद 50 हजार रुपये का मिलेगा ऋण
साहिल खान
शहडोल, 29 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे और जरूरतमंद कारोबारियों के लिए आर्थिक सहारे का माध्यम बन रही है। शहडोल नगर पालिका के सामने फुलकी का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले सोनू कुमार साहू के कारोबार को भी इस योजना से नई दिशा मिली है। सोनू कुमार साहू को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 10 हजार रुपये की ऋण सहायता प्राप्त हुई, जिसका उपयोग उन्होंने अपने छोटे व्यवसाय को संचालित करने और आवश्यक सामान की व्यवस्था करने में किया।
सोनू कुमार साहू ने बताया कि छोटे स्तर पर फुलकी का व्यवसाय संचालित करते हुए उन्हें कई बार पूंजी की कमी का सामना करना पड़ता था। ऐसे में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से मिली ऋण सहायता उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुई। ऋण राशि मिलने के बाद उन्होंने अपने व्यवसाय में इसका उपयोग किया, जिससे कारोबार को सुचारू रूप से चलाने में मदद मिली और उन्हें आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर मिला।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्राप्त ऋण का समय पर भुगतान करने पर आगे 50 हजार रुपये तक का ऋण मिलने की सुविधा है। इससे उन्हें अपने व्यवसाय को और विस्तार देने तथा आमदनी बढ़ाने की उम्मीद है। सोनू का कहना है कि छोटे कारोबारियों के लिए बिना बड़े संसाधनों के अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाना आसान नहीं होता, ऐसे में शासन की योजनाओं से मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होती है।
सोनू कुमार साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने उन्हें अपने छोटे व्यवसाय को मजबूत करने का अवसर दिया है। उनका प्रयास है कि ऋण की राशि का समय पर भुगतान करते हुए योजना के अगले चरण का लाभ प्राप्त करें और अपने व्यवसाय को और बेहतर तरीके से संचालित करें। उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाएं छोटे दुकानदारों, ठेला संचालकों और अन्य स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मददगार हैं।
योजना का लाभ मिलने पर सोनू कुमार साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ मिलने से छोटे कारोबारियों में अपने काम को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने की उम्मीद मजबूत हुई है।

