बारिश की खेंच से सोयाबीन फसल प्रभावित होने की आशंका
देपालपुर। पिछले दस दिन से बारिश न होने से सोयाबीन की फसल प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की जा रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है और वे परेशान हैं। देपालपुर क्षेत्र में किसानों ने समय पर सोयाबीन की बोवनी कर दी थी। बारिश के बाद नमी को देखते हुए किसानों ने खेतों में चारा मार दवा का भी छिड़काव कर दिया था, लेकिन पिछले दस से बारह दिनों से बारिश न होने से खेतों की नमी कम हो गई, जिससे दवा बेअसर हो गई और किसानों का नुकसान हुआ। फसल के साथ घास भी खेतों मे उगने लगी है, वहीं नमी न होने के कारण सोयाबीन की फसल अब खेतों में दम तोड़ती नजर आने लगी है।
बारिश की खेंच से किसान परेशान हैं। किसानों का कहना है कि अब सोयाबीन की फसल को बारिश की जरूरत है। यही हाल रहा तो सोयाबीन की फसल सूखने लगेगी। किसान अच्छी बारिश के लिए टोने-टोटके कर रहे हैं। मंदिरों में पूजा-अर्चना की जा रही है।
वहीं नगर देपालपुर में आज बाग रसोई का आयोजन किया गया हे जिसमें सभी अपने प्रतिष्ठान बंद रख कर इंद्र देवता को मनाने के लिए घर से बाहर भोजन बना कर इंद्र देव को भोग लगाएंगे ताकि अच्छी बारिश हो . .

