दूसरे चरण के मतदान में भी सपा ने लगाई शिकायतों की झड़ी

  • Share on :

लखनऊ। देश के 12 राज्‍यों के साथ यूपी की आठ सीटों पर दूसरे चरण का मतदान सुबह सात बजे से जारी है। इस दौरान समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर पुलिस- प्रशासन पर आरोपों की झड़ी लगा दी है। सपा का कहना है कि कहीं ईवीएम खराब हो रही है तो कहीं पुलिस मतदाताओं को धमका रही है। उत्‍तर प्रदेश में दूसरे चरण में 17704 पोलिंग बूथ और 7797 केन्द्र हैं। इनमें 3472 संवेदनशील बूथ हैं।
समाजवादी पार्टी  ने दूसरे चरण के मतदान के दौरान किसी भी तरह की समस्या, अनियमितता आने पर अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए खास नंबर भी जारी किए हैं। श्किायतों का सिलसिला वोटिंग शुरू होने के बाद से ही जारी है। सपा ने अपने अधिकारिक एक्‍स अकाउंट पर गौतमबुद्ध नगर लोकसभा के ग्रेटर नोएडा में बूथ संख्या 1 और 7 पर ईवीएम मशीन की खराब से अपनी शिकायतों की शुरुआत की। पार्टी ने चुनाव आयोग से इसका संज्ञान लेने की मांग की। इसके बाद आरोप लगाया गया कि अमरोहा लोकसभा के चांदनगर में बूथ संख्या 219 पर 25 मिनट की देरी से मतदान शुरू हुआ है। सपा के मुताबिक बागपत लोकसभा के खेकड़ा में जैन इंटर कॉलेज, बूथ संख्या 222 और छपरौली विधानसभा में असारा गांव में बूथ संख्या 119 पर मतदान शुरू होने के कुछ समय बाद ही ईवीएम मशीन खराब हो गई। 
इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर लोकसभा के खुर्जा में बूथ संख्या 185, मेरठ लोकसभा के मेरठ कैंट में बूथ संख्या 47 पर ईवीएम खराब होने और मेरठ लोकसभा के मेरठ कैंट में बूथ संख्या 47 पर वीवीपैट के काम नहीं करने का आरोप लगाया गया। समाजवादी पार्टी ने एक पोस्‍ट में आरोप लगाया कि अमरोहा लोकसभा के नौगावां सादत में बूथ संख्या 15 पर पुलिस उसके कार्यकर्ताओं को धमका रही है। एक अन्‍य पोस्‍ट में कहा गया कि गाजियाबाद लोकसभा के मुरादनगर में बूथ संख्या 6 पर वोटिंग रूम में बिजली की व्यवस्था नही है। इससे मतदाताओं को परेशानी हो रही है। इसके साथ सपा ने आरोप लगाया कि बागपत लोकसभा के सिवालखास में बूथ संख्या 328, जो कि मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र है, इस पर मतदाताओं को बीएलओ द्वारा पर्चियां नहीं दी गईं। इस वजह से मतदान में असुविधा हो रही है। 
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper