पत्रकार राजेश धाकड़ को विशेष सम्मान, ‘आदित्य’ के पत्रकार एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में जुटीं शहर की प्रमुख हस्तियां

  • Share on :

इंदौर। सामाजिक संस्था “आदित्य” के तत्वावधान में संस्था का दसवां भव्य पत्रकार एवं प्रतिभा सम्मान समारोह धार रोड स्थित कीमती गार्डन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में पत्रकारिता, समाजसेवा, कला और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं उनकी धर्मपत्नी जूही भार्गव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उज्जैन प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदलाल यादव ‘नंदू भैया’ मौजूद रहे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण महाकाल मंदिर के प्रमुख पुजारी पंडित रमण त्रिवेदी रहे, जो फिल्म ‘परदेसी बाबू’ में गोविंदा और शिल्पा शेट्टी के साथ अभिनय भी कर चुके हैं।

पत्रकार राजेश धाकड़ को विशेष सम्मान

समारोह में वरिष्ठ एवं सदैव फील्ड में सक्रिय रहने वाले पत्रकार राजेश धाकड़ को पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रियता, हर खबर पर पैनी नजर और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से सामने लाने के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें संस्था की ओर से ‘आदित्य की आवाज’ समाचार पत्र के माध्यम से विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर पत्रकार विनोद निगम, अमर गोमे, सुरेश वर्मा सहित अन्य पत्रकारों को भी अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ पत्रकारों एवं समाजसेवियों का सम्मान

समारोह में वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश फरक्या, गिरीश कोपरगांवकर एवं नवभारत के पंवार साहब को विशेष सम्मान दिया गया। संस्था “आदित्य” के संयोजक एवं पत्रकार सचिन नीमा ने बताया कि सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले युवा समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार महावीर जैन का इस अवसर पर नागरिक अभिनंदन किया गया।

भोपाल से पधारी दूरदर्शन की प्रमुख न्यूज एंकर एवं पत्रकार सुमिता सिरोठिया तथा टीवी अभिनेत्री राशिका नीमा को ‘एमपी वूमंस प्राइड अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। मुंबई से आई बॉलीवुड मिस्टर एंड मिसेस इंडिया अवार्ड विजेता सुमन त्रिपाठी को ‘स्पेशल गेस्ट अवार्ड’ प्रदान किया गया। वहीं रचना महंत को ‘बिजनेस वूमन अवार्ड’ से नवाजा गया।

साड़ी कल्चर के क्षेत्र में कार्य कर रहीं सुनीला दुबे एवं समाजसेवी किरण बाफना को भी सम्मानित किया गया। आयोजन में रेणु सोलंकी, ज्योति नामदेव एवं साधना सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। टैलेंट शो में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सैनिक जितेंद्र मोर्य को राष्ट्र सेवा के लिए विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में अतिथियों ने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, सच्ची एवं जागरूक खबरों के माध्यम से समाज में जनजागरण की मुहिम को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही सामाजिक समरसता और सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

समारोह को सफल बनाने में रूपेश वर्मा, प्रवीण मोर्य, उमेश पांडे, सुरेश वर्मा, दिलीप मोर्य, नीलेश वर्मा, सोनू मालवीय सहित संस्था के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। अंत में सत्यनारायण मंडोवरा ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper