पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लिए 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान
ई-केवाईसी, आधार-बैंक लिंकिंग एवं लैण्ड लिंकिंग सहित लंबित कार्य होंगे पूर्ण
डिंडौरी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के लिए जिले में 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान हितग्राहियों की ई-केवाईसी, आधार एवं बैंक खाते को डीबीटी हेतु सक्षम कराने, लैण्ड लिंकिंग, फार्मर आईडी सहित अन्य आवश्यक कार्यवाहियां पूर्ण कराई जाएंगी। योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की राशि तीन समान किश्तों में प्रदान की जाती है।
अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर हितग्राहियों को जानकारी दी जाएगी तथा पंचायतों के क्लस्टर बनाकर पंचायत भवनों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में पीएम किसान एप के माध्यम से ई-केवाईसी की प्रक्रिया की जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया जाएगा। सीएससी केंद्रों को ई-केवाईसी का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य की नियमित समीक्षा की जाएगी। पटवारियों को योजना के लिए ग्राम नोडल अधिकारी (टछव्) के रूप में दायित्व सौंपते हुए पटवारीवार समीक्षा की जाएगी तथा अपात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन एवं छूटे हुए पात्र हितग्राहियों के पंजीयन की कार्यवाही की जाएगी।
अभियान के दौरान कृषि, पंचायत सहित अन्य विभागों के मैदानी अमले का सहयोग लेते हुए योजना के शत-प्रतिशत सेचुरेशन का लक्ष्य रखा गया है। ई-केवाईसी एवं लैण्ड लिंकिंग, आधार-बैंक खाता लिंकिंग अथवा आईपीपीबी के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही, संदिग्ध हितग्राहियों का शत-प्रतिशत सत्यापन तथा लंबित सेल्फ रजिस्ट्रेशन का पंजीयन दिनांक से सात दिवस में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। पीएम किसान पोर्टल पर उपलब्ध रिपोर्ट के माध्यम से कार्यों की सतत समीक्षा की जाएगी तथा राजस्व अधिकारियों की बैठकों में भी इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि समस्त लंबित कार्यवाही 31 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण कराएं, ताकि पात्र किसानों को योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

