गोस्वामी तुलसीदास जयंती पर विशेष आयोजन, सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला को मिला ‘तुलसी सम्मान’
इंदौर, मध्यप्रदेश। सह संपादक अनिल चौधरी। दिनांक 20 अगस्त 2026।
गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती के पावन अवसर पर श्री तुलसीदास सरयू पारीण ब्राह्मण समाज समिति, इंदौर द्वारा बुधवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला को उनकी विशिष्ट सेवाओं एवं योगदान के लिए ‘तुलसी सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी ने रामचरितमानस के माध्यम से भारतीय संस्कृति, संस्कार, मर्यादा और आदर्श जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनकी रचनाएं आज भी समाज को धर्म, कर्तव्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उनकी अमर कृति रामचरितमानस के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम आज हिंदू समाज के जन-जन के रोम-रोम में बसे हुए हैं।
इस अवसर पर अधिवक्ता विनोद कुमार द्विवेदी ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी भारतीय संस्कृति, धर्म, मर्यादा, भक्ति और मानवीय मूल्यों के महान संवाहक थे। उनकी कालजयी रचनाओं ने भारतीय समाज को सदियों से संस्कार, सद्भाव, सेवा और मर्यादा का संदेश दिया है। तुलसीदास जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के दौरान पी.पी. शुक्ला, शिवाकांत पांडेय, विनय मिश्रा, ज्योतिर्विज्ञ रामकृष्ण तिवारी, शिक्षाविद् विनायक पांडेय, अधिवक्ता विकास भारद्वाज, रोहित सहित वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद द्विवेदी का भी सम्मान किया गया।
इस अवसर पर समाज अध्यक्ष सुभाष दुबे, सचिव राजा तिवारी, उपाध्यक्ष शंभूनाथ मिश्र, लालजी तिवारी, राजकुमार पाण्डेय, जमुना पांडेय, रेखा तिवारी और शिवेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

