समृद्धि महामार्ग पर काल बनी रफ्तार: खड़े वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, 8 की दर्दनाक मौत
जालना. महाराष्ट्र के जालना जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. समृद्धि महामार्ग पर कडवंची गांव के पास हुए भीषण हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच घायल नागरिकों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है. हादसा उस समय हुआ जब मजदूरों को ले जा रहा एक छोटा हाथी पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़ा था.
जानकारी के अनुसार, सभी महिलाएं समृद्धि महामार्ग पर मजदूरी का काम करती थीं और काम के सिलसिले में वाहन से जा रही थीं. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि 8 महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया और घायलों को पहले जालना जिला सामान्य अस्पताल और बाद में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण ट्रक चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ सदोष मनुष्यवध का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है और स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है. हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
इस बीच जालना विधानसभा क्षेत्र के विधायक अर्जुन खोतकर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया.
साभार आज तक

