बीच आसमान में स्पाइसजेट के विमान में आई तकनीकी खराबी; इंजन में चिंगारी दिखने के बाद दिल्ली में कराई गई लैंडिंग
नई दिल्ली। इंजन में खराबी के कारण दिल्ली से लेह जा रही फ्लाइट को वापस दिल्ली लौटाए जाने की खबर है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि मंगलवार सुबह लेह जाने वाले स्पाइसजेट के एक विमान को राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षित उतारा गया। फ्लाइट नंबर एसजी121 में लगभग 150 लोग सवार थे। इसका संचालन बोइंग करती है। आपात लैंडिंग से जुड़ी रिपोर्ट्स के मुताबिक बोइंग 737 मॉडल के इस विमान में चिंगारी देखे जाने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस मामले में स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली से लेह जाने वाली फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण विमान को दिल्ली लौटाना पड़ा। प्रवक्ता के अनुसार, आपात लैंडिंग से पहले कॉकपिट में आग लगने की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक विमान दिल्ली में सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। सभी यात्री और क्रू के सदस्य सुरक्षित हैं। सूत्रों के अनुसार, विमान के इंजन में खराबी आ गई थी।
साभार अमर उजाला

