खेल प्रतिभाओं को मिला प्रशासन का संबल: कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने उत्कृष्ट फुटबॉलर ज्योति चौहान को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चैक किया प्रदान
संवाददाता दिलीप पाटीदार
धार जिले के सरदारपुर तहसील की प्रतिभावान फुटबॉलर ज्योति चौहान ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय खेल उपलब्धि और बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री राजीव रंजन मीना ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर खिलाड़ी को प्रोत्साहन प्रदान करने तथा उनकी खेल गतिविधियों में सहयोग के उद्देश्य से जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
ज्ञात हो कि फुटबॉलर ज्योति चौहान ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर देश-विदेश के खेल मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर धार जिले सहित पूरे मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। जिला प्रशासन और खेल प्रेमियों द्वारा उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र गौरव का प्रतीक हैं। जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक खेल संसाधन उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है।
उत्कृष्ट फुटबॉलर ज्योति चौहान ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में और अधिक मेहनत कर जिले तथा प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गौरवान्वित करने का प्रयास करेंगी।

