विदिशा में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ, वॉलीबॉल के साथ मल्लखंब में भी दिखा खिलाड़ियों का दम, उज्जैन संभाग का दबदबा
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। मध्य प्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जिला खेल स्टेडियम विदिशा में 70वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया जा रहा है। इस खेल महाकुंभ में प्रदेश भर से आए बालक और बालिकाओं ने वॉलीबॉल तथा मल्लखंब स्पर्धाओं में अपने अद्भुत कौशल, गति और शारीरिक संतुलन का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के चौथे दिन देर शाम चले मुकाबलों का निरीक्षण करने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के स्थानीय विधायक मुकेश टंडन, वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम सुंदर शर्मा ,तोरण सिंह दांगी, मंडल अध्यक्ष दिनेश कुशवाह उपस्थित रहे। इसके साथ ही पूर्व क्रीड़ा अधिकारी विनोद चौधरी ने भी मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाया। अतिथियों ने नए व उभरते खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका मार्गदर्शन किया, जिससे स्टेडियम का माहौल ऊर्जावान हो गया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में उज्जैन ने शहडोल को, ग्वालियर ने सागर को, रीवा ने जबलपुर को और इंदौर ने भोपाल को 2-0 से पराजित किया। अन्य मुकाबलों में जनजाति कार्य विभाग, नर्मदापुरम, रीवा, इंदौर और जबलपुर ने अपने-अपने मैच जीतकर आगे का सफर तय किया। बालक वर्ग के रोमांचक मुकाबलों में उज्जैन ने शहडोल को 2-1 से, जनजाति कार्य विभाग ने सागर को 2-0 से, जबलपुर ने नर्मदापुरम को 2-1 से, रीवा ने ग्वालियर को 2-0 से तथा इंदौर ने उज्जैन को 2-0 से मात दी। सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद बालिका वर्ग के फाइनल में रीवा और नर्मदापुरम ने, जबकि बालक वर्ग में जबलपुर और जनजाति कार्य विभाग ने अपनी जगह पक्की की।
इसी के साथ मल्लखंब अंडर-19 प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग का एकतरफा दबदबा देखने को मिला। बालक वर्ग की टीम चैम्पियनशिप में उज्जैन संभाग ने 24.35 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सागर संभाग 20.35 अंक दूसरे और ग्वालियर संभाग 18.20 अंक तीसरे स्थान पर रहा। बालक वर्ग की व्यक्तिगत चैम्पियनशिप में उज्जैन के जयंत राठौर ने 8.20 अंकों के साथ स्वर्ण, स्वस्तिक राठौर ने 8.15 अंकों के साथ रजत और अंगद बोलदिया ने 8.00 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। मल्लखंब बालिका वर्ग अंडर-19 की टीम चैम्पियनशिप में भी उज्जैन संभाग 24.05 अंकों के साथ शीर्ष पर रहा, वहीं सागर संभाग 19.70 अंक द्वितीय तथा जबलपुर संभाग 11.35 अंक तृतीय स्थान पर रहा। बालिका व्यक्तिगत चैम्पियनशिप में उज्जैन की चारवी कोरी ने 8.25 अंकों के साथ पहला, अनुष्का नायक ने 8.05 अंकों के साथ दूसरा और तमन्ना गहलोत ने 7.75 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश में खेलों के प्रति नया उत्साह देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर मुख्य रूप से ज्योति ठाकुर, अरविंद राजपूत, सुरेश साहू, अनिल सोनी आदि मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी पंकज भार्गव ने बताया कि 17 आयु वर्ग के वॉलीबॉल खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा जो मध्य प्रदेश का गुजरात में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय शालेय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करेंगे।

