नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0: निपानिया में नशा मुक्ति जागरूकता शिविर आयोजित
मंदसौर। मालवा नवजीवन सेवा फाउंडेशन एवं ग्राम पंचायत निपानिया के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम निपानिया (दलौदा) में "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत एक दिवसीय नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में ग्रामीणों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने की अपील की गई। कार्यक्रम में विशेषज्ञों एवं अतिथियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जन-जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर डॉ. सुरेश पमनानी, डॉ. मुकेश बागड़ी, प्रदेश अध्यक्ष हैदर खान बागवान, डॉ. लेखा तंवर, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि बापूसिंह डांगी, एएसआई अजय चौहान सहित संस्था के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्ति रैली भी निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने नशे के खिलाफ नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। अंत में प्रदेश अध्यक्ष हैदर खान बागवान ने सभी को नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सचिव प्रमोद भवालकर तथा आभार प्रदर्शन प्रदेश उपाध्यक्ष जया डागर ने किया।

