होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव: USS राफेल ने ईरानी पोत को किया इंटरसेप्ट
नई दिल्ली. इस्लामाबाद में बातचीत की संभावनाओं के बीच ईरान के खिलाफ अपने सख्त रुख को जारी रखते हुए अमेरिका ने एक बार फिर उसके एक जहाज को रोक दिया है. यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने जानकारी दी कि अमेरिकी नौसेना के गाइडेड-मिसाइल डेस्ट्रॉयर USS राफेल (DDG 115) ने 24 अप्रैल को एक ईरानी झंडे वाले जहाज को इंटरसेप्ट किया. यह जहाज ईरान के एक पोर्ट की ओर बढ़ रहा था, जिसे अमेरिकी कार्रवाई के तहत बीच रास्ते में ही रोक दिया गया.
CENTCOM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि यह कार्रवाई ईरान के खिलाफ जारी समुद्री प्रतिबंधों को लागू करने के तहत की गई. अमेरिका ने अप्रैल की शुरुआत से ही ईरान के पोर्ट्स के खिलाफ नेवल ब्लॉकेड लागू किया हुआ है, जिसका मकसद ईरान के व्यापार और तेल निर्यात को सीमित करना है. इसी रणनीति के तहत अब तक दर्जनों जहाजों को रोका जा चुका है या उन्हें वापस लौटने के लिए मजबूर किया गया है.
इस ब्लॉकेड का सबसे बड़ा असर होर्मुज स्ट्रेट पर देखने को मिल रहा है. यह दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल और एलएनजी सप्लाई का करीब 20 फीसदी हिस्सा गुजरता है. लेकिन मौजूदा हालात में यहां जहाजों की आवाजाही में भारी गिरावट आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 22 और 23 अप्रैल के बीच सिर्फ सात जहाज इस रास्ते से गुजर पाए, जिनमें से छह ईरान से जुड़े व्यापार में शामिल थे.
साभार आज तक

