थाना राजगढ़ में "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक का आयोजन, युवाओं को नशामुक्त जीवन का दिया संदेश
संवाददाता दिलीप पाटीदार
राजगढ़। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत थाना राजगढ़ पुलिस द्वारा मेला मैदान एवं बस स्टैंड राजगढ़ में
जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धार श्री सचिन शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती पारुल बेलापुरकर के मार्गदर्शन में, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सरदारपुर श्री विश्वदीप सिंह परिहार तथा थाना प्रभारी राजगढ़ श्री समीर पाटीदार की उपस्थिति में नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय, संवादों और प्रेरक प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। इसके साथ ही यह परिवार की खुशियों, सामाजिक प्रतिष्ठा और आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।
नाटक में यह संदेश भी दिया गया कि नशे की लत युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को अंधकारमय बना सकती है तथा अनेक सामाजिक बुराइयों और अपराधों का कारण बनती है। कलाकारों ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर राजगढ़ पुलिस ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान का उद्देश्य केवल अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि समाज में व्यापक जनजागरूकता पैदा करना भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशा मुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

