मिलावटखोरों पर सख्ती: इंदौर-मानपुर रोड स्थित क्यूब स्टॉप रेस्टोरेंट का किचन बंद, कई खाद्य नमूने जांच हेतु भेजे गये
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सतत निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। गुरुवार को इसी क्रम में इंदौर-मानपुर रोड स्थित क्यूब स्टॉप रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया, जहां किचन में अत्यंत अस्वच्छ स्थिति में खाद्य पदार्थों का निर्माण और संग्रहण पाया गया। निरीक्षण के दौरान फफूंदी लगी सब्जियां, खुले में रखे खाद्य पदार्थ तथा फ्रिज में पुराने और खराब खाद्य पदार्थ भी पाए गए। कर्मचारियों द्वारा व्यक्तिगत स्वच्छता का पालन नहीं किया जा रहा था तथा किचन परिसर में चूहों की आवाजाही भी पाई गई।
उक्त रेस्टोरेंट का संचालन हाईवे एमेनिटीज डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा “क्यूब स्टॉप” ब्रांड नाम से किया जा रहा था। मौके पर मैनेजर महेश हीरे उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर एवं पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए तथा गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए रेस्टोरेंट के किचन में खाद्य निर्माण कार्य को सुधार किए जाने तक तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
इसी कार्रवाई के अंतर्गत मानपुर तहसील, महू क्षेत्र में भी विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यशराज रेस्टोरेंट से प्रभारी विक्रेता के हस्ते लस्सी एवं दही के नमूने लिए गए। मुंशी ढाबा से प्रभारी विक्रेता मोहम्मद हसन के हस्ते तुअर दाल एवं चिकन ग्रेवी के नमूने लिए गए। वहीं अभिषेक इंटरप्राइजेज से प्रोपराइटर अभिषेक शर्मा के हस्ते सुरभि नमकीन लोंग सेव, खट्टा-मीठा मिक्सचर एवं पाम तेल के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने बताया कि नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लिए गए सभी नमूनों को विस्तृत परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से जनजागरूकता
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा चलित खाद्य प्रयोगशाला वाहन के माध्यम से माँ वैष्णो देवी रेस्टोरेंट एंड होटल एवं जय महाकाल रेस्टोरेंट, मानपुर (महू) क्षेत्र में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं एवं कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव, परिसर की साफ-सफाई तथा अखाद्य रंगों के उपयोग से बचने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही मिलावट की पहचान के सरल घरेलू तरीकों का प्रदर्शन कर प्रशिक्षण भी दिया गया।
ईट राइट इंडिया अभियान में बड़ी उपलब्धि
खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा ईट राइट इंडिया अभियान के अंतर्गत लगातार प्रमाणन कार्य किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा संचालित ईट राइट चैलेंज के विभिन्न चरणों में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद अब श्री अरविंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (SAIMS), इंदौर को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) नई दिल्ली द्वारा “ईट राइट कैंपस” प्रमाणन प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि जिले में सुरक्षित और स्वस्थ खाद्य संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा मिलावट के विरुद्ध कार्रवाई एवं जनजागरूकता गतिविधियां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।

