कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर आरटीओ एवं परिवहन उड़नदस्ता की सख्त कार्रवाई

  • Share on :

चार बसों की फिटनेस निरस्त, 13 वाहनों से 70 हजार रुपये जुर्माना वसूला
आदित्य शर्मा
इंदौर।  कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार आरटीओ इंदौर एवं परिवहन उड़नदस्ता द्वारा राऊ क्षेत्र स्थित स्कूल एवं कॉलेजों के वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जांच की गई तथा वाहनों का भौतिक निरीक्षण भी किया गया।
 निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि वाहन फिटनेस एवं परमिट शर्तों का पालन कर रहे हैं या नहीं। साथ ही फायर सेफ्टी उपकरणों एवं स्पीड गवर्नर की कार्यप्रणाली की भी जांच की गई। बच्चों एवं उनके अभिभावकों से फीडबैक लेकर यह भी परखा गया कि वाहन चालक तेज गति से वाहन तो नहीं चला रहे हैं तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का उपयोग तो नहीं कर रहे हैं।
 जांच के दौरान एक ही कॉलेज की 4 बसें फिटनेस शर्तों का उल्लंघन करते हुए पाई गईं, जिनकी फिटनेस मौके पर ही निरस्त कर दी गई। इसके अतिरिक्त 1 बस बिना फिटनेस के संचालित पाई गई, जिस पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया।
 सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित गाइडलाइन एवं परमिट शर्तों के उल्लंघन के मामलों में कुल 13 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 70 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
 इस कार्रवाई में आरटीओ श्री प्रदीप शर्मा, एआरटीओ सुश्री अर्चना मिश्रा, एआरटीओ श्री राजेश गुप्ता, संभागीय परिवहन उड़नदस्ता प्रभारी श्री आकाश सिटोले सहित आरटीओ एवं उड़नदस्ता स्टाफ उपस्थित रहा।
 आरटीओ विभाग द्वारा बताया गया है कि स्कूल एवं शैक्षणिक संस्थानों के वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने हेतु जिले में आकस्मिक चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा। सभी स्कूल एवं शैक्षणिक संस्थानों के संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने वाहनों को पूर्ण रूप से फिट एवं दस्तावेजों को वैध रखते हुए सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही संचालन सुनिश्चित करें।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper