आर-पार की लड़ाई के मूड में छात्र: 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान
राँची। झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन रविवार को 23वें दिन भी जारी रहा। सीबीआई जांच और विवादित परीक्षाओं को रद्द करने की मांग पर अब तक ठोस पहल नहीं होने से आंदोलनकारी छात्रों में राज्य सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ोती जा रही है।
इसी क्रम में छात्रों ने रविवार शाम रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले फूंके। इस दौरान छात्रों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया। रिपोर्टों के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों में भी पुतला दहन का कार्यक्रम रखा गया था।
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच जरूरी है। छात्रों ने आरोप लगाया कि उनकी मांगों पर सरकार की ओर से अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इसी वजह से आंदोलनकारी अब आर-पार की लड़ाई की रणनीति पर आगे बढ़ रहे हैं।
'20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा'
छात्र नेताओं ने यह भी घोषणा की है कि 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। आंदोलनकारियों ने इसमें बड़ी संख्या में छात्रों के शामिल होने का दावा किया है और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई है।
साभार अमर उजाला

