सुदर्शन की 'साई' कृपा और होल्डर का प्रहार: गुजरात ने पंजाब को 4 विकेट से रौंदा, प्लेऑफ की राह हुई आसान

  • Share on :

अहमदाबाद। जेसन होल्डर की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के बाद साई सुदर्शन की दमदार बल्लेबाजी के बदौलत गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स के खिलाफ चार विकेट से शानदार जीत दर्ज की। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब ने सूर्यांश शेडगे की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में नौ विकेट पर 163 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 19.5 ओवर में छह विकेट खोकर 167 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
आईपीएल के मौजूदा सत्र में यह पंजाब की लगातार हार है। इससे पहले टीम को राजस्थान रॉयल्स ने मात दी थी। फिलहाल टीम अंक तालिका में 13 अंक और +0.855 के नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर है। वहीं, गुजरात 10 में से छह मुकाबले जीतकर 12 अंक लेकर पांचवें पायदान पर बनी हुई है। इस जीत के साथ गुजरात प्लेऑफ की ओर मजबूती से कदम बढ़ाने में सफल रही है। अब चार टीमों के खाते में 12 अंक हो गए हैं। इनमें गुजरात के अलावा आरसीबी, हैदराबाद और राजस्थान शामिल है। शीर्ष-चार पर रहने वाली टीमें आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करेंगी।
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात को 16 के स्कोर पर कप्तान शुभमन गिल (5) के रूप में बड़ा झटका लगा। इसके बाद साईं सुदर्शन ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 53 रन जुटाते हुए टीम को मजबूती दी। बटलर 22 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। यहां से साईं सुदर्शन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने निशांत सिंधु (15) के साथ 25 रन, जबकि वॉशिंगटन सुंदर के साथ 30 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाया। सुदर्शन 41 गेंदों में 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद सुंदर ने 23 गेंदों में 40 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को रोमांचक जीत दिलाई। विपक्षी खेमे से अर्शदीप सिंह और विजयकुमार विशाक ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि मार्को यानसेन और मार्कस स्टोइनिस ने एक-एक विकेट निकाला।
इससे पहले, पंजाब को पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर प्रियांश आर्या (2) और तीसरी गेंद पर कूपर कोनोली (0) के रूप में लगातार दो झटके लगे। किंग्स ने महज दो रन तक अपने दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह ने मोर्चा संभालने की कोशिश की। प्रभसिमरन ने कप्तान श्रेयस अय्यर (19) के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 गेंदों में 33 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 35 के स्कोर तक पहुंचाया। प्रभसिमरन 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद टीम ने 47 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए।
यहां से मार्कस स्टोइनिस ने सूर्यांश शेडगे के साथ 44 गेंदों में 79 रन जुटाकर टीम को 126 के स्कोर तक पहुंचाया। सूर्यांश 29 गेंदों में 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि स्टोइनिस ने 31 गेंदों में 40 रन की पारी खेली। इस पारी में मार्को यानसेन ने 20 रन का योगदान दिया। विपक्षी खेमे से जेसन होल्डर ने 24 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने दो-दो विकेट निकाले। राशिद खान ने एक विकेट हासिल किया।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper