सूर्यकुमार का जलवा: आईसीसी अवॉर्ड के लिए हुए नामांकित, डेरिल मिचेल और जो रूट से टक्कर

  • Share on :

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने जनवरी 2026 के लिए 'प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड के पुरुष और महिला वर्ग के नामांकनों की घोषणा कर दी है। पुरुष वर्ग में भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का नाम प्रमुख रूप से शामिल है, जबकि महिला वर्ग में गैबी लुईस, सोभना मोस्टरी और तारा नॉरिस को दावेदार बनाया गया है।
पुरुष वर्ग: सूर्यकुमार यादव पर नजरें
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2026 से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। इस सीरीज में उन्होंने तीन अर्धशतक जड़े और 196.74 के दमदार स्ट्राइक रेट से 242 रन बनाए। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत भारत ने सीरीज 4-1 से अपने नाम की। सूर्यकुमार को प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया। सीरीज के दूसरे मुकाबले में उन्होंने नाबाद 82 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिससे भारत ने 15.2 ओवर में 208 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत का दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा।
पुरुष वर्ग में उनके अलावा न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल और इंग्लैंड के जो रूट भी नामांकित हैं। न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर डेरिल मिचेल ने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में 176 की औसत से 352 रन बनाए और टीम को 2-1 से सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। उन्होंने टी20 सीरीज में भी 186.56 की स्ट्राइक रेट से 125 रन बनाए।
वहीं, इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में 242 रन बनाए, जिसमें एक नाबाद शतक शामिल रहा। उनकी बदौलत इंग्लैंड ने 0-1 से पिछड़ने के बाद 2-1 से सीरीज अपने नाम की। रूट ने एशेज 2025/26 में भी 160 रन की यादगार पारी खेली थी, हालांकि इंग्लैंड सीरीज 1-4 से हार गया।
महिला वर्ग: लुईस, मोस्टरी और नॉरिस दावेदार
महिला वर्ग में आयरलैंड की कप्तान गैबी लुईस ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 क्वालीफायर में शानदार नेतृत्व करते हुए छह मैचों में 124.87 के स्ट्राइक रेट से 251 रन बनाए। बांग्लादेश के खिलाफ 73 रन उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी रही। उन्होंने पूरे क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट में आयरलैंड के लिए सर्वाधिक 276 रन बनाए।
बांग्लादेश की सोभना मोस्टरी ने 45.80 की औसत और 145.85 के स्ट्राइक रेट से 229 रन बनाए। थाईलैंड के खिलाफ 59 और स्कॉटलैंड के खिलाफ 47 रन की पारियां उनकी प्रमुख उपलब्धियां रहीं। उन्होंने पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण विकेट भी लिया।
यूएसए की बाएं हाथ की तेज गेंदबाज तारा नॉरिस ने क्वालिफायर में 15 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने का गौरव हासिल किया। जनवरी में पांच टी20 मैचों में उन्होंने 11 विकेट झटके। आयरलैंड के खिलाफ 3/10 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। बल्ले से भी उन्होंने 39 रन का योगदान दिया।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper