स्वच्छता सर्वेक्षण - स्वच्छ शहर की जोड़ी
आयुक्त द्वारा देपालपुर में स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी का लिया जायजा
आदित्य शर्मा
इंदौर। स्वच्छता के क्षेत्र में शहर को अग्रणी बनाए रखने एवं आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल द्वारा स्वच्छ शहर की जोड़ी के रूप में देपालपुर नगर परिषद का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विभिन्न स्थलों का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंतर्गत आयुक्त ने घरेलू एवं व्यावसायिक क्षेत्रों का भ्रमण कर साफ-सफाई की स्थिति देखी। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक घर एवं प्रतिष्ठान से नियमित रूप से पृथक-पृथक कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए तथा कचरे का सही तरीके से पृथक्करण किया जाए।
आयुक्त ने ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण कर कचरा निपटान प्रक्रिया का मूल्यांकन किया और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्कूलों, उद्यानों, कम्युनिटी टॉयलेट एवं पब्लिक टॉयलेट का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता, रख-रखाव और उपयोगिता के मानकों को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
टूरिस्ट एरिया के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों पर विशेष स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे नगर की सकारात्मक छवि आगंतुकों के सामने प्रस्तुत हो। साथ ही RRR (Reduce, Reuse, Recycle) सेंटर का निरीक्षण कर जनभागीदारी बढ़ाने एवं संसाधनों के पुनः उपयोग को प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया।
वाटर बॉडी (जल स्रोतों) के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए, ताकि जल स्रोत स्वच्छ एवं सुरक्षित बने रहें।
निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त श्री सिंघल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कमियों को शीघ्रता से दूर कर स्वच्छ सर्वेक्षण के मापदंडों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसमें प्रशासन के साथ नागरिकों की सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह, देपालपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री महेश पूरी गोस्वामी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) देपालपुर, इंजीनियर श्री नीरज गुप्ता, सीएसआई श्री विनय खरे, कंसल्टेंट श्री अमित दुबे एवं संबंधित एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे ।

