T20 World Cup: जिम्बाब्वे का एक और धमाका, श्रीलंका को हराकर सुपर-8 में मारी 'रॉयल' एंट्री

  • Share on :

कोलंबो। ब्रायन बेनेट की तूफानी अर्धशतकीय पारी की मदद से जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को छह विकेट से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ सिकंदर रजा की अगुवाई वाली टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप स्टेज का अजेय रहते हुए समापन किया और सुपर-8 में शानदार एंट्री की। गुरुवार को कोलंबो में खेले गए 38वें मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 178 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे ने तीन गेंदों के शेष रहते 182 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ जिम्बाब्वे की टीम ने ग्रुप बी की टेबल टॉपर भी बन गई। लीग चरण में खेले चार मुकाबलों में उसने तीन मैचों में शानदार जीत दर्ज की। वहीं, एक मैच बेनतीजा रहा। टीम सात अंक और + 1.506 के नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर पहुंच गई। इस हार के साथ मेजबान श्रीलंका दूसरे स्थान पर खिसक गई। उसके खाते में छह अंक और +1.741 का नेट रन रेट है। ग्रुप बी से सुपर-8 के लिए जिम्बाब्वे और श्रीलंका की टीमें पहले ही क्वालिफाई कर चुकी हैं। वहीं, आयरलैंड, ऑस्ट्रेलिया और ओमान का सफर ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया है। इस ग्रुप का आखिरी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और ओमान के बीच खेला जाना है।
जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को हराकर टी20 विश्व कप 2026 में एक बार फिर बड़ा उलटफेर कर दिया। इससे पहले टीम ने ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराया था। जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 में भारत, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के साथ ग्रुप-1 में है, जबकि श्रीलंकाई टीम न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और पाकिस्तान के साथ ग्रुप-2 में है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम को कुसल परेरा और पथुम निसांका की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पांच ओवरों में 54 रन की साझेदारी की।
कुसल 14 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद निसांका ने कुसल मेंडिस के साथ 43 गेंदों में 46 रन जुटाते हुए श्रीलंका को 100 के स्कोर तक पहुंचाया। 
मेंडिस ने टीम के खाते में 14 रन का योगदान दिया, जबकि निसांका ने 41 गेंदों में 8 चौकों के साथ 62 रन टीम के खाते में जोड़े। 
इनके अलावा, पवन रत्नायके ने 25 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 44 रन की पारी खेली।
विपक्षी खेमे से ब्लेसिंग मुजारबानी, ब्रैड इवांस और ग्रीम क्रेमर ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि एक विकेट रयान बर्ल के हाथ लगा।
जवाब में जिम्बाब्वे ने 19.3 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस टीम को ब्रायन बेनेट और तदिवानाशे मारुमानी की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों के बीच 8.3 ओवरों में 69 रन की साझेदारी हुई।
मारुमानी 26 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 34 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बेनेट ने रयान बर्ल के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन जुटाते हुए टीम को 98 के स्कोर तक पहुंचाया।
बर्ल 12 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 23 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटे।
यहां से बेनेट ने कप्तान सिकंदर रजा के साथ 40 गेंदों में 69 रन जुटाते हुए टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। 
सिकंदर रजा 26 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 45 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बेनेट ने 48 गेंदों में 8 चौकों के साथ 63 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को शानदार जीत दिलाई। 
मेजबान खेमे की तरफ से दुशन हेमंथा ने सर्वाधिक 2 विकेट लिए, जबकि दसुन शनाका और दुनिथ वेल्लालगे ने 1-1 विकेट हासिल किया।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper