शहादत की स्मृति में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का होगा सम्मान
1 अक्टूबर को अभिनव कला समाज में होगा ‘क्रांतिवीर शहीद सआदत खाँ मेवाती गौरव सम्मान समारोह-2026’
इंदौर। 1857 की क्रांति में इंदौर की धरती से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व करने वाले क्रांतिवीर शहीद सआदत खाँ मेवाती की शहादत की स्मृति में गुरुवार, 1 अक्टूबर को ‘क्रांतिवीर शहीद सआदत खाँ मेवाती गौरव सम्मान समारोह-2026’ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 5 से 8 बजे तक अभिनव कला समाज, गांधी हॉल परिसर में होगा। आयोजन MEO एजुकेशनल वेलफेयर अवेयरनेस ट्रस्ट, इंदौर द्वारा किया जा रहा है।
जानकारी: शमसुद्दीन चिश्ती, एडवोकेट शारिब खान एवं अब्दुल हफीज बनारसी ने देते हुए बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य शहीद सआदत खाँ मेवाती के बलिदान को स्मरण करने के साथ ही नई पीढ़ी को इतिहास, संघर्ष और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना है। वर्ष 1857 की क्रांति के दौरान सआदत खाँ मेवाती ने इंदौर-महू क्षेत्र में अंग्रेजी शासन के खिलाफ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लंबे संघर्ष के बाद अंग्रेजी शासन ने उन्हें गिरफ्तार किया और 1 अक्टूबर 1874 को इंदौर में उन्हें फांसी दी गई। उनकी शहादत की स्मृति में प्रतिवर्ष 1 अक्टूबर को उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया जाता है।
विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाएं होंगी सम्मानित
समारोह में समाज, शिक्षा, इतिहास, प्रशासन, सामाजिक सेवा, मानवाधिकार, कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को ‘क्रांतिवीर शहीद सआदत खाँ मेवाती गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं पूर्व सचिव सत्यनारायण पटेल, शोएब अख्तर आईईएस, मेवात तथा शौकत अली, सेवानिवृत्त आरएएस प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
मेवात से विशेष रूप से सम्मानित होने वाली हस्तियों में प्रख्यात इतिहासकार एवं 15 पुस्तकों के लेखक डॉ. सिद्दीक अहमद (सेवानिवृत्त जेई), नूर अहमद, सचिव AMIED एवं सामाजिक कार्यकर्ता, डॉ. जयदीप सिंह चौहान, इंजीनियरिंग क्षेत्र से जुड़े एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम से सम्मानित नेहरू खान, हास्य कलाकार अख्तर हिंदुस्तानी, मानवाधिकार कार्यकर्ता एवं महिला समाज सुधारक सबा खान, छोटी मेवात देवास के हाजी हबीब खान, शमशेर खान मेव, छोटी मेवात देवास तथा ब्लड एंबेसडर जगप्रीत सिंह टुटेजा शामिल हैं।
आयोजकों ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी केवल इतिहास की पुस्तकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर समाज में शिक्षा, एकता, सेवा, भाईचारे और सकारात्मक कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
MEO एजुकेशनल वेलफेयर अवेयरनेस ट्रस्ट ने समाज के सभी वर्गों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं मेवाती समाज के लोगों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
‘शहीद की शहादत को सलाम, इतिहास का सम्मान—नई पीढ़ी के नाम।’

