शिक्षक अर्जुन धनंजय सिन्हा को मिला ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवॉर्ड’

  • Share on :

शिक्षा, योग, स्काउटिंग, साहित्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु हुए सम्मानित
छुरा। सुप्रसिद्ध दैनिक समाचार पत्र दबंग स्वर, रायपुर के छठवें स्थापना दिवस के अवसर पर वृंदावन सभागृह, रायपुर में भव्य एवं ऐतिहासिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था वक्ता मंच तथा दैनिक समाचार पत्र दबंग स्वर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके उत्कृष्ट कार्यों का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर नगर के प्रतिष्ठित शिक्षक अर्जुन धनंजय सिन्हा को ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। शिक्षा, योग, स्काउटिंग, साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, समर्पण और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। शिक्षक अर्जुन धनंजय सिन्हा ने अपने कार्यों के माध्यम से शिक्षा के प्रसार, विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, योग के प्रति जागरूकता, स्काउटिंग गतिविधियों तथा साहित्यिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समाज के प्रति उनकी सक्रिय सहभागिता और रचनात्मक कार्यों ने उन्हें एक समर्पित शिक्षक के साथ-साथ साहित्य एवं संस्कृति के प्रति प्रतिबद्ध व्यक्तित्व के रूप में विशिष्ट पहचान दिलाई है। यह सम्मान उनके वर्षों के परिश्रम, निष्ठा और बहुआयामी योगदान का गौरवपूर्ण प्रतिफल है। उनकी उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि नगर एवं समूचे क्षेत्र के लिए भी गर्व और प्रेरणा का विषय है। शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तित्वों का इस प्रकार सम्मान किया जाना समाज में सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली व्यक्तियों का सम्मान कर उनकी उपलब्धियों को मंच प्रदान किया गया। आयोजन ने समाजसेवा, शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और जनकल्याण के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन किया। अर्जुन धनंजय सिन्हा को प्राप्त ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवॉर्ड’ उनकी कर्मनिष्ठा, सामाजिक प्रतिबद्धता और बहुआयामी प्रतिभा का सम्मान है।उनकी यह उपलब्धि निश्चित रूप से युवा पीढ़ी, शिक्षकों तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और समाजहित में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करेगी। सिन्हा ने इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार तथा वक्ता मंच अध्यक्ष राजेश पराते, प्रधान संपादक पं. पी.के. तिवारी, संयोजक शुभम साहू एवं सभी आयोजकों का आभार व्यक्त किया। सिन्हा ने मिले सम्मान का संपूर्ण श्रेय अपने माता पिता डॉ. के.आर. सिन्हा, राम बाई सिन्हा तथा कला कुमार सिन्हा, विमला सिन्हा एवं सभी गुरुजनों, बड़े बुजुर्गों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद को दिया। सिन्हा को सम्मानित किए जाने पर साहित्यकार ललित साहू, देवनारायण यदु, भारत स्वाभिमान न्यास के जिलाध्यक्ष संतराम कंवर, ठेठवार यादव समाज के प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं नवाचारी शिक्षक शंकर लाल यदु, श्रीराघवेंद्र मानस संघ के अध्यक्ष जागेश्वर ध्रुव, उपाध्यक्ष रोहित जगत, सहसचिव खोरबाहरा निषाद, शाकंभरी मरार समाज के प्रांतीय संचालक हेमलाल पटेल, नेशन्स प्राइड पब्लिक स्कूल के प्राचार्य संतोष निषाद एवं कृष्णेश यदु, सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं शुभचिंतकों ने बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper