विजयी रथ पर सवार टीम इंडिया: नामीबिया को हराकर रचा इतिहास, T20 वर्ल्ड कप में लगातार 10वीं जीत

  • Share on :

नई दिल्ली। भारत ने नामीबिया को 93 रन से हरा दिया। गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप के ग्रुप मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन और हार्दिक पांड्या की दमदार अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में नौ विकेट पर 209 रन बनाए। जवाब में नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 10 विकेट पर 116 रन ही बना सकी। यह भारत की रनों के अंतर से टी20 विश्व कप में सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम ने 2012 में इंग्लैंड को 90 रन से हराया था। वहीं, टी20 विश्व कप में लगातार 10 मैचों में जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम पहली टीम बन गई। 
मौजूदा टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले टीम ने टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में अमेरिका को हराकर शानदार तरीके से अभियान की शुरुआत की थी। अब भारत की नजरें रविवार (15 फरवरी) को पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर है। यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए हाई-प्रेशर वाला होगा। बता दें कि, इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप ए की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, पाकिस्तान दूसरे पायदान पर खिसक गया। 
टी20 विश्व कप के ग्रुप मुकाबले में भारत ने नामीबिया के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन का बड़ा स्कोर बनाया। भारतीय पारी में ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने तूफानी अर्धशतक जड़े, जबकि नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरेस्मस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल कर मैच में रोमांच बनाए रखा।
अगर संजू सैमसन की पारी कुछ पलों की चमक जैसी थी, तो ईशान किशन की बल्लेबाजी पूरी फिल्म की तरह रोमांच से भरी रही। किशन ने 24 गेंदों में 61 रन ठोक डाले। उन्होंने महज 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसमें पांच छक्के और छह चौके शामिल थे। नामीबिया के गेंदबाजों ने जैसे ही लंबाई में जरा सी चूक की, किशन ने पूरी ताकत से गेंद को स्टैंड्स के पार पहुंचा दिया। उनकी तेजतर्रार बल्लेबाजी ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई और बड़े स्कोर की मजबूत नींव रखी।
संजू सैमसन ने 8 गेंदों में 22 रन बनाए। उनकी पारी में तीन आकर्षक छक्के शामिल थे।हालांकि, अच्छी शुरुआत के बावजूद वह बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और काउ कॉर्नर पर कैच आउट हो गए। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी कुछ खास नहीं कर सके। उन्होंने 12 गेंदों में 12 रन बनाए। बर्नार्ड शोल्ट्ज़ की शानदार गेंद पर सूर्या आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में चूक गए और स्टंप आउट हो गए। यह पारी की बेहतरीन गेंदों में से एक थी। तिलक वर्मा ने 25 रन का योगदान दिया, लेकिन इरास्मस की विविधताओं के सामने जूझते नजर आए।
नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरेस्मस ने 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट झटके। उन्होंने साइड-आर्म ऑफ ब्रेक, राउंड आर्म गेंद और क्रीज के पीछे से छोटी लंबाई की गेंदों का बेहतरीन मिश्रण पेश किया। उनकी गेंदबाजी ने बीच के ओवरों में भारत की रनगति पर कुछ हद तक अंकुश लगाया।
पारी के आखिरी दस ओवरों में हार्दिक पांड्या ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 28 गेंदों में 52 रन बनाए, जिसमें चार छक्के और चार चौके शामिल थे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को 200 के पार पहुंचाया। शिवम दुबे ने भी 16 गेंदों में 23 रन बनाकर अच्छा साथ दिया। दोनों के बीच 6.3 ओवर में 81 रन की साझेदारी हुई, जिसने नामीबिया की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया को लॉरेन स्टीनकैम्प और यान फ्राइलिंक ने अच्छी शुरुआत दिलाई थी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी हुई, जिसे अर्शदीप सिंह ने तोड़ा। फ्राइलिंक 22 रन बनाकर आउट हुए जबकि स्टीनकैम्प 29 रन बना सके। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने अपना दम दिखाया और नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मेहमानों की कमर तोड़ दी। उनके छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती ने तीन विकेट लिए दबकि हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को दो-दो सफलताएं मिलीं। इसके अलावा अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह को एक-एक विकेट मिला।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper