युद्ध की आग में झुलसा तेहरान: 13 मौतों से मचा हड़कंप, इस्राइल और दुबई में मिसाइल अलर्ट से बढ़ा तनाव
तेहरान। सोमवार तड़के ईरान की राजधानी तेहरान के दक्षिण-पश्चिम में स्थित इस्लामशहर के पास एक रिहायशी इमारत पर हुए हवाई हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। ईरानी मीडिया के अनुसार, यह हमला शहर के नजदीकी इलाके में हुआ, हालांकि इमारत को निशाना बनाए जाने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
स्थानीय समाचार एजेंसियों ने बताया कि हमले के बाद इलाके में भारी तबाही का मंजर है और राहत व बचाव कार्य जारी है। कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका भी जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं और कुछ के अभी भी दबे होने की आशंका है।
तेहरान की शरीफ यूनिवर्सिटी पर हवाई हमला
इसी दौरान तेहरान स्थित शरीफ यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी को भी निशाना बनाया गया। ईरानी मीडिया के अनुसार, हमले में विश्वविद्यालय की कुछ इमारतों को नुकसान पहुंचा, साथ ही पास स्थित गैस वितरण केंद्र भी प्रभावित हुआ। हालांकि, विश्वविद्यालय परिसर के भीतर असल लक्ष्य क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। युद्ध के चलते देशभर के शैक्षणिक संस्थान बंद हैं और सभी कक्षाएं ऑनलाइन चल रही हैं, जिससे कैंपस पहले से ही खाली था। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई घंटों तक आसमान में नीचे उड़ते लड़ाकू विमानों की आवाजें गूंजती रहीं, जिससे हालात और भयावह हो गए।
गौरतलब है कि इस यूनिवर्सिटी पर पहले भी कई देशों ने प्रतिबंध लगाए हैं, क्योंकि इसका नाम ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और सैन्य अनुसंधान से जोड़ा जाता रहा है। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से ईरान की अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के नियंत्रण में है।
इधर, इस्राइल में सुरक्षा एजेंसियों ने एक मिसाइल अलर्ट जारी किया, जबकि संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में भी दो बार ऐसे अलर्ट बजाए गए। वहां एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय हो गया, लेकिन यह साफ नहीं हो पाया कि ईरान की ओर से किस लक्ष्य को निशाना बनाया गया था। कुवैत ने भी दावा किया है कि उसने रातभर कई बार अपने एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल करते हुए संभावित खतरों को रोका।
साभार अमर उजाला

