सांई-राम महोत्सव का दसवां दिन : नेहरू नगर में गूंजे विट्ठल भगवान के जयकारे, भक्तों ने किया बाबा का पूजन
राजेश धाकड़
इंदौर। 26 दिवसीय सांई-राम महोत्सव के तहत दसवें दिन नेहरू नगर क्षेत्र में भव्य सांई प्रभातफेरी निकाली गई। इस दौरान महाराष्ट्रीयन परिवारों सहित क्षेत्र के भक्तों ने श्रद्धापूर्वक सांई बाबा का अभिषेक, पूजन और महाआरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रभातफेरी में युवा श्रद्धालु "सांई राम" के जयघोष कर रहे थे, वहीं पालकी यात्रा में "श्रीहरि विट्ठल भगवान" के जयकारे भी गूंज उठे।
भजनों की धुन पर झूमे भक्त, हर घर में हुआ बाबा का पूजन
प्रभातफेरी के दौरान पूरे नेहरू नगर क्षेत्र में लोभान की सुगंध फैल गई। रहवासियों ने अपने घरों के बाहर पुष्पवर्षा कर पालकी और भक्तों का स्वागत किया। इस अवसर पर पांडुरंग भजन मंडली ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वारकरी सदस्यों ने पारंपरिक पाउल नृत्य का भी प्रदर्शन किया, जिसने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सांई प्रभातफेरी में भक्तों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल बचाव का संदेश दिया। साथ ही, मूक पक्षियों के लिए दाना-पानी रखने का आग्रह भी किया गया, जिससे समाज में जागरूकता फैलाई जा सके।
नेहरू नगर में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब
श्री केंद्रीय सांई सेवा समिति धार्मिक एवं मानव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष गौतम पाठक और वीनिता पाठक ने बताया कि नेहरू नगर के अमृत धाम से निकली प्रभातफेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मातृशक्तियां जहां भजनों की धुन पर झूमती नजर आईं, वहीं युवा श्रद्धालु सांई बाबा का जयघोष करते हुए प्रभातफेरी के अग्रभाग में चल रहे थे।
प्रभातफेरी में सुनील भरतरी खंडागले, रवि वर्मा, किशोर दौरकर, आलोक खादीवाला, प्रदीप यादव, अशोक गायकवाड़, समीर जोशी, संजय शर्मा, हेमंत शर्मा, मधुकर बुद्धि, लतिका चंद्राते, दुर्गा कराडिय़ा, विनीता जैन सहित अनेक भक्त उपस्थित थे।
आज मुखर्जी नगर में गूंजेंगे सांई बाबा के जयकारे
श्री केंद्रीय सांई सेवा समिति के अध्यक्ष गौतम सुरेंद्र पाठक ने बताया कि रविवार, 23 मार्च को प्रातः 5:30 बजे बाणगंगा स्थित मुखर्जी नगर से प्रभातफेरी निकाली जाएगी। प्रभातफेरी आयोजक राधु जायसवाल ने बताया कि इस आयोजन के दौरान नगरवासियों को 6 अप्रैल, रामनवमी पर्व पर प्रातः 5 बजे निकलने वाली भव्य शोभायात्रा में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया जाए।