मेरठ से अंबाला तक बिछा टेरर नेटवर्क: RDX बरामद, सोलर कैमरों से हो रही थी दिल्ली की रेकी

  • Share on :

मेरठ। आईएसआई और आतंकी संगठनों के निशाने पर देश के दर्जनभर राज्य हैं। इन जगहों पर हाइब्रिड आतंकी बनाए जा रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर में सोलर कैमरे लगाकर रेकी कराने से लेकर अंबाला में आरडीएक्स की सप्लाई के दौरान पकड़े गए आरोपियों और बाकी छानबीन के बाद खुफिया एजेंसियों के हाथ ये साक्ष्य लगे हैं।
एसटीएफ और खुफिया एजेंसियों ने पाकिस्तानी गैंगस्टर और आईएसआई के लिए काम करने वाले शहजाद भट्टी के संपर्क में रहने वाले तीन आरोपियों अकबर अली निवासी अजमेर, अनस निवासी मेरठ और जगबीर निवासी अंबाला को आरडीएक्स के साथ अंबाला में दबोचा था। चौथा आरोपी मक्खनदीप निवासी पंजाब फरार बताया जा रहा था। इसी रोज गाजियाबाद में सुहेल मलिक निवासी मेरठ समेत छह आरोपियों को गाजियाबाद की कौशांबी पुलिस ने खुफिया एजेंसियों के इनपुट के बाद गिरफ्तार किया।
खुलासा हुआ कि पाकिस्तान में बैठे कुछ हैंडलर के कहने पर सुहेल ने दिल्ली और बाकी जगहों पर सोलर कैमरे लगवाए थे। इसी टेरर मॉड्यूल से जुड़े नौ आरोपियों की गिरफ्तारी 20 मार्च को की गई, जिसमें पांच किशोर भी शामिल हैं। दूसरी ओर आईबी और एटीएस ने आरडीएक्स कनेक्शन में 18 मार्च को हापुड़ से अजीम राणा और मेरठ के आजाद राजपूत की गिरफ्तारी की। दोनों का शहजाद भट्टी से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क था।
खुफिया एजेंसियां, आईबी और एटीएस समेत आर्मी इंटेलिजेंस की टीम अब इन्हीं अलग अलग मॉड्यूल को लेकर छानबीन में लगी हैं। गिरफ्तार आरोपियों के फुटप्रिंट खंगालने शुरू किए तो चौकाने वाली बात सामने आई। इंटेलिजेंस अधिकारियों की मानें तो आईएसआई और आतंकी संगठनों ने 12 से ज्यादा राज्यों में अपने नेटवर्क बनाया है। बिहार-झारखंड से लेकर आंध्रप्रदेश, केरल, पंजाब, हरियाणा, यूपी, उत्तराखंड और राजस्थान समेत कश्मीर में तमाम जगहों पर हाइब्रिड आतंकी बनाए जा रहे हैं। इनका कोई पुराना रिकार्ड नहीं है और स्थानीय होने के कारण वारदात अंजाम दिलाना आसान होता है। इसी के तहत बिजनौर के रहने वाले सुहेल को इस टीम में शामिल किया था। सुहेल ने ही दिल्ली और आसपास के तमाम इलाकों में नए युवकों को टीम में शामिल कर सोलर कैमरे लगवाए थे।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper