थाईलैंड में बड़ा हादसा: बैंकॉक के पब में लगी आग, पीएम ने 27 मौतों की पुष्टि की; जांच शुरू
बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
राहतकर्मियों ने बताया कि आग लगने की सूचना देर रात को मिली। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में उत्तरी बैंकॉक स्थित पब के मुख्य द्वार से ऊंची लपटें उठती दिखाई दे रही हैं। लोग जान बचाने के लिए बाहर भागते नजर आए, जबकि आसमान में काले धुएं का घना गुबार फैल गया।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीरकुल ने घटनास्थल पर पत्रकारों से कहा कि हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है और कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को लगभग 30 मिनट लगे। हादसे के बाद की तस्वीरों में पब के अंदर जली हुई मेज-कुर्सियां और बुरी तरह क्षतिग्रस्त ढांचा दिखाई दे रहा है। फिलहाल अधिकारी बैंकॉक के ताजा हादसे की विस्तृत जांच कर रहे हैं। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
साभार अमर उजाला

