झाबुआ में 10 दिवसीय विशेष सड़क सुरक्षा अभियान का व्यापक असर

  • Share on :

जागरूकता के साथ यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई
10 दिवसीय विशेष अभियान में 33 व्यापक जागरूकता कार्यक्रम, जिलेभर में सड़क सुरक्षा का संदेश।
3021 से अधिक विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को किया जागरूक, सुरक्षित यातायात व्यवहार के लिए किया प्रेरित।
हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उल्लंघन पर कुल 667 चालान, यातायात नियमों के पालन के लिए सख्त कार्रवाई।
100 से अधिक ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु अग्रेषित, गंभीर यातायात उल्लंघनों पर प्रभावी कार्रवाई
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन 
झाबुआ। पुलिस परिवहन एवं शोध संस्थान द्वारा संचालित विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत दिनांक 29 सितंबर 2026 से 08 अक्टूबर 2026 तक जिला झाबुआ में व्यापक जागरूकता एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई की गई।
अभियान का उद्देश्य आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना रहा।
विद्यालय एवं महाविद्यालयों में पहुंचा सड़क सुरक्षा का संदेश
अभियान के दौरान जिले में कुल 33 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर 13 कार्यक्रम आयोजित कर कुल 3021 से अधिक विद्यार्थियों को यातायात नियमों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, सुरक्षित वाहन चालन तथा सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।
सार्वजनिक स्थलों पर भी व्यापक जनजागरूकता
जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर 19 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से लगभग 1,046आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन चालन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
जागरूकता के साथ नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। हेलमेट एवं सीट बेल्ट के नियमों के उल्लंघन पर कुल 667 चालान बनाए गए।
इसके अतिरिक्त, यातायात नियमों के गंभीर उल्लंघन के 100 से अधिक मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु अग्रेषित किए गए।
जिला पुलिस की आमजन से अपील
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।
“सड़क सुरक्षा—सिर्फ नियम नहीं, जीवन की सुरक्षा का संकल्प”
सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर हम स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रख सकते हैं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper