विदिशा में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय वॉलीबॉल एवं मलखंब प्रतियोगिता का भव्य आगाज, 90 शिक्षक संभालेंगे व्यवस्थाएं

  • Share on :

धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्थानीय जिला खेल परिसर में आयोजित होने वाली 70वीं राज्य स्तरीय शालेय वॉलीबॉल और मलखंब प्रतियोगिता की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस भव्य खेल आयोजन को सुचारू और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभाग पूरी तरह सजग है। प्रतियोगिता में व्यवस्थाओं की निगरानी और संचालन का जिम्मा 90 नियमित शिक्षकों, खेल शिक्षकों तथा अतिथि खेल शिक्षकों की टीम को सौंपा गया है। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कामधेनु मंगल वाटिका के हॉल में एक विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नोडल अधिकारी एस पी सिंह जाटव , प्राचार्य ख़ज़ाना सिंह एवं जिला खेल अधिकारी प्रशांत रघुवंशी ने उपस्थित सभी शिक्षकों एवं अधिकारियों को उनके दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। यदि आयोजन के दौरान कोई भी समस्या या दुविधा उत्पन्न होती है, तो उसका तुरंत निराकरण करने के लिए उच्च अधिकारियों से तत्काल संपर्क करें। मीडिया प्रभारी पंकज भार्गव ने बताया कि  इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 450 खिलाड़ी, 80 कोच व मैनेजर तथा 50 स्टेट ऑफिशियल भाग ले रहे हैं। खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बालिका वर्ग के ठहरने की उत्तम व्यवस्था कामधेनु गार्डन में की गई है, जबकि बालक वर्ग के लिए सम्राट और हरदौल गार्डन में आवास स्थल बनाया गया है। बाहर से आने वाली टीमों के लिए परिवहन व्यवस्था को भी दुरुस्त रखा गया है। परिवहन टीम लगातार जनरल मैनेजर के संपर्क में है, ताकि रेलवे स्टेशन पर उतरते ही खिलाड़ियों को बिना किसी परेशानी के तत्काल उनके आवास स्थल तक पहुँचाया जा सके। प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ 6 तारीख को होगा। शुभारंभ से पूर्व शाम 5:00 बजे बाहर से आए खिलाड़ियों द्वारा एक भव्य रैली निकाली जाएगी, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और खेलों के प्रति सहभागिता बढ़ाना है। यह रैली शहर के प्रमुख मार्ग माधवगंज से प्रारंभ होकर महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय होते हुए जिला खेल परिसर पहुंचेगी। रैली के दौरान स्थानीय विधायक मुकेश टंडन एवं अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।  खिलाड़ियों को बसों के माध्यम से रैली स्थल पर ले जाया जाएगा, उसके पश्चात औपचारिक उद्घाटन समारोह एवं खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत होगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper