14 अगस्त को सुबह 6 बजे होगी 8 किमी मैराथन, विधायक पुत्र राकेश लोधी करेंगे आयोजन
अतुल जैन
खनियांधाना। पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी के पुत्र राकेश लोधी अपने जन्मदिन के अवसर पर 14 अगस्त को 8 किलोमीटर की मैराथन दौड़ का आयोजन करने जा रहे हैं। इसकी जानकारी उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
राकेश लोधी ने बताया कि पिछले वर्ष भी मैराथन आयोजित करने की योजना थी, लेकिन उनके चाचा के निधन के कारण आयोजन रद्द करना पड़ा था। इस बार 15 अगस्त से एक दिन पहले 14 अगस्त को मैराथन आयोजित की जा रही है।
मैराथन सुबह 6 बजे राजनगर तिराहा, ग्राम चमरुआ से शुरू होगी और खनियांधाना बस स्टैंड पर इसका समापन होगा। दौड़ में छात्र-छात्राओं सहित किसी भी उम्र के लोग भाग ले सकेंगे। आयोजकों के अनुसार करीब 150 से 200 पुरुष और 20 से 25 महिलाएं इसमें शामिल होंगी।
आयोजक राकेश लोधी ने बताया कि मैराथन का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वस्थ रहने, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रहेगी। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी आपात स्थिति के लिए तीन एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।
पुरुष वर्ग में पुरस्कार: प्रथम पुरस्कार 31 हजार रुपए, द्वितीय 21 हजार रुपए और तृतीय पुरस्कार 11 हजार रुपए रखा गया है। चौथे से दसवें स्थान तक आने वाले प्रतिभागियों को ट्रैक सूट दिया जाएगा।
महिला वर्ग में पुरस्कार: प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपए, द्वितीय 11 हजार रुपए और तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपए रखा गया है। चौथे से दसवें स्थान तक आने वाली प्रतिभागियों को भी ट्रैक सूट दिया जाएगा।
राकेश लोधी ने कहा कि मैराथन में उम्र की कोई सीमा नहीं रखी गई है। छात्र-छात्राओं के साथ कोई भी व्यक्ति इसमें भाग ले सकता है। आयोजन के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।

