जिले भर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां आजादी का पर्व
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री तिवारी ने किया ध्वजारोहण
आन-बान-शान से लहराया तिरंगा
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी । देश की स्वतंत्रता का 80वां पर्व 15 अगस्त को जिले भर में हर्षोल्लास, धूमधाम और उत्साह से मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस पर जिले का मुख्य समारोह जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड झिंझरी में आयोजित किया गया। जहां भव्य एवं गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।
ध्वजारोहण के उपरांत मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री तिवारी ने खुली सफेद जिप्सी में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के साथ परेड का निरीक्षण किया। सशस्त्र बलों द्वारा हर्ष फायर किया गया और पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन बजाई। कलेक्टर श्री तिवारी ने तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारे गगन में मुक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस पर संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इसके लिए पुलिस लाइन मैदान में बड़े-बड़े एलईडी स्क्रीन लगाये गये थे। इसके बाद कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा जिले की उपलब्धियों का लिखित बधाई संदेश का वाचन किया गया।
समारोह में सुरक्षा बलों द्वारा आकर्षक और शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री संजीव कुमार रावत और सेकेण्ड इन कमांडर रक्षित निरीक्षक श्रीमती अंजू लकड़ा के नेतृत्व में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष), जिला पुलिस बल (महिला), जिला होमगार्ड बल, शासकीय कन्या महाविद्यालय की एनसीसी गर्ल्स, वार्डस्ले स्कूल एनसीसी, सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वार्डस्ले सीनियर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल माधवनगर के स्कूल के स्काउट एवं गाइड्स सहित पुलिस बैंड दल, शौर्य दल शामिल रहे।
ये रहे मौजूद
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में विधायक मुड़वारा श्री संदीप जायसवाल, निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, निगमायुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, रामरतन पायल सहित पार्षद और बड़ी संख्या में गणमान्य जन मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने किया निज निवास और कलेक्ट्रेट कार्यालय में ध्वजारोहण
कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को प्रातः 7.45 बजे निज निवास पर ध्वजारोहण किया। इसके बाद कलेक्टर श्री तिवारी ने प्रातः 8 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय में ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान का गायन किया गया।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल, एसडीएम बहोरीबंद व डिप्टी कलेक्टर श्री प्रदीप मिश्रा, उपसंचालक कृषि श्री खेलावन डेहेरिया सहित संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में लगने वाले अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी रही।
विधायक और कलेक्टर ने छात्रों के साथ पंगत में बैठकर किया मध्यान्ह भोजन
निषाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वेंकट वार्ड कटनी पहुंच कर विधायक मुड़वारा श्री संदीप जायसवाल और कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने पंगत में बैठकर प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत छात्राओं के साथ मध्यान्ह भोजन के तहत स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित विशेष भोज में शामिल हुए।

