बाराबंकी में व्यापारी से बंधक बनाकर लूट का मामला तूल पकड़ा, राष्ट्रहित व्यापार मंडल ने दिया धरने का अल्टीमेटम
बाराबंकी। देव थाना क्षेत्र में किराना व्यापारी आलोक जायसवाल से बंधक बनाकर लाखों की लूट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
आज रविवार को राष्ट्रहित व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष श्री नारायण सिंह उर्फ सुनील पंडित बाराबंकी पहुंचे। उन्होंने पीड़ित आलोक जायसवाल और उनके परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
पीड़ित आलोक जायसवाल ने प्रदेश अध्यक्ष को बताया कि बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर करीब 14.5 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने की अंगूठियां व जेवर लूट लिए।
इस दौरान राष्ट्रहित व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वजीत सिंह सूर्यवंशी के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष मौके पर पहुंचे और परिवार व व्यापारी को संगठन का पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया।
प्रदेश अध्यक्ष श्री नारायण सिंह ने कहा कि अगर पुलिस प्रशासन जल्द इस घटना का पर्दाफाश नहीं करता है तो राष्ट्रहित व्यापार मंडल के सभी पदाधिकारी विशाल धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व्यापारी सुरक्षा की लगातार बात करते हैं, लेकिन इस घटना ने व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
मोहम्मद आसिफ रिपोर्ट लखनऊ

