राष्ट्रीय एवं प्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों के हितों को लेकर ली महत्वपूर्ण बैठक

  • Share on :

भारत सरकार के राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष श्री हरदीप सिंह गिल एवं मध्यप्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया और कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की उपस्थिति में रेसीडेंसी कोठी में सफाई कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीएम श्री रोशन सिंह, नगर निगम के अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह, श्री आशीष पाठक, श्री अभय राजनगांवकर, श्री नरेन्द्र नाथ पांडे सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। इसके साथ ही राज्य सफाई कर्मचारी मोर्चा अध्यक्ष श्री मनोज सिरसिया, सफाई कामगार कर्मचारी यूनियन के श्री लीलाधर करोसिया, श्री राजेश करोसिया, श्री राकेश गौहर, वाल्मीकि संघ के श्री घनश्याम चंदेले सहित विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के पदाधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।

      बैठक के पहले राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष श्री हरदीप सिंह गिल तथा मध्यप्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया द्वारा हाल ही में चेम्बर में गिरने से सफाई कर्मचारियों की हुई दुखद मृत्यु की घटना के संबंध में चौइथराम घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात दोनों अध्यक्षगण दिवंगत कर्मचारियों के निवास पर पहुंचे तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवारजनों को आश्वस्त किया कि केन्द्र एवं राज्य सरकार के माध्यम से उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

      इसके पश्चात रेसीडेंसी कोठी में जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोग के अध्यक्ष श्री हरदीप सिंह गिल एवं श्री प्रताप करोसिया द्वारा सफाई कामगारों के कल्याण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

    बैठक में निर्देशित किया गया कि शहर के सभी सफाई कामगारों का हर छह माह में अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए ताकि उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही सफाई कर्मचारियों के आवास की समस्या को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन एवं नजूल विभाग की शासकीय रिक्त भूमि पर सफाई कर्मचारियों के लिए बहुमंजिला आवास निर्माण की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

आयोग द्वारा मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए यह भी निर्देशित किया गया कि नगर निगम सेवा से सेवानिवृत्त हुए सफाई कर्मचारियों के परिवार के बेरोजगार सदस्यों को आउटसोर्स के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही नगर निगम में रिक्त पड़े सफाई कर्मचारियों के पदों पर नियमानुसार शीघ्र नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाए। आयोग द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इन सभी कार्यों की प्रगति आगामी एक माह के भीतर पूर्ण करते हुए इसकी लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

    बैठक में सफाई कर्मचारियों के उत्थान और सामाजिक विकास को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से निर्माणाधीन धर्मशाला एवं कम्युनिटी हॉल के शेष कार्यों को 14 अप्रैल से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

   इसके अतिरिक्त बैठक में अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों, वाल्मीकि बस्तियों में कार्यरत सफाई महिला मित्रों के लिए झूला घर (क्रेच) निर्माण, उद्यान विकास, तथा सफाई कर्मचारियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सफाई कर्मचारियों के पदोन्नति, स्थायीकरण तथा वेतन-भत्तों में वृद्धि से संबंधित मुद्दों की भी बिंदुवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper