कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की

  • Share on :

15 अगस्त के जिला स्तरीय मुख्य समारोह को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के दिए निर्देश
संवाददाता दिलीप पाटीदार 
धार कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने सोमवार को कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित बैठक में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं समन्वित रूप से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
       कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि 15 अगस्त का जिला स्तरीय मुख्य समारोह स्थानीय किला मैदान में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि समारोह की सभी व्यवस्थाएं बारिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए की जाएं, ताकि किसी भी परिस्थिति में कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से हो सके। समारोह स्थल पर मंच, माइक, ग्राउंड, पेयजल, टैंकर, विद्युत, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
      उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शीघ्र चयन कर प्रतिभागियों का नियमित अभ्यास कराया जाए। साथ ही उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए अंतिम रूप से चयनित दलों की 13 अगस्त को फाइनल रिहर्सल कराई जाए, जिससे कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित हो सके।
      कलेक्टर श्री मीना ने समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों एवं अन्य पात्र व्यक्तियों के सम्मान एवं पुरस्कार वितरण की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह स्थल की आकर्षक सजावट, पर्याप्त पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
     उन्होंने कार्यक्रम के प्रभावी प्रसारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि समारोह में उद्बोधन दो चरणों में होगा। प्रथम चरण में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन का लाइव प्रसारण किया जाएगा तथा इसके पश्चात जिला स्तरीय उद्बोधन होगा।
      बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी, अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper