निगम की टीम ने महिला समूहों के साथ किया जनसंवाद, सफाई मित्रों का प्रशिक्षण सम्पन्न

  • Share on :

फोर-बिन कचरा पृथक्करण, सुरक्षित स्वच्छता कार्य एवं सुरक्षा उपकरणों के उपयोग के लिए किया जागरूक
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर 
कटनी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों के तहत नगर पालिक निगम कटनी द्वारा स्वच्छता के प्रति नागरिकों एवं सफाई मित्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। 
इसी क्रम में निगम की सहयोगी संस्था की आई ई सी टीम द्वारा वार्ड क्रमांक 15 के दुर्गा चौक क्षेत्र एवं पटेल मोहल्ला में महिला समूहों के साथ जनसंवाद एवं  बैठक आयोजित की गई। वहीं वार्ड क्रमांक 09, गांधीगंज स्थित बालक छात्रावास के पास सफाई मित्रों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर स्वच्छता कार्यों के लिए प्रशिक्षित किया गया।

महिला समूहों को फोर-बिन व्यवस्था की दी जानकारी

आचार्य विनोबा भावे वार्ड में आयोजित जनसंवाद के दौरान सरस्वती कल्याण समिति समूह एवं शीला स्व-सहायता समूह की सदस्यों के साथ स्वच्छता गतिविधियों की समीक्षा करते हुए फोर-बिन कचरा पृथक्करण व्यवस्था की विस्तार से जानकारी दी गई। महिला समूहों को गीले एवं सूखे कचरे को निर्धारित श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग रखने तथा कचरे को निगम के निर्धारित कचरा वाहन में ही डालने के लिए प्रेरित किया गया।

IEC टीम ने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने में महिला समूहों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनसे अपने आसपास के नागरिकों को भी कचरा पृथक्करण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की। बैठक में स्वच्छता गतिविधियों में निरंतर सहयोग बनाए रखने तथा स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।

सफाई मित्रों को सुरक्षित कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण

इसी क्रम में महात्मा गांधी वार्ड में आयोजित सफाई मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण एवं सुरक्षित स्वच्छता कार्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान सफाई मित्रों को कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा मास्क, ग्लव्स एवं सेफ्टी शूज जैसे व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का नियमित एवं सही उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

सफाई मित्रों को स्वच्छता कार्य के दौरान स्वयं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। निगम की IEC टीम ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जनभागीदारी, महिला समूहों की सक्रिय भूमिका तथा सफाई मित्रों की सुरक्षित कार्यप्रणाली पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों, महिला समूहों एवं सफाई मित्रों के सामूहिक सहयोग से स्वच्छता को जन-अभियान का स्वरूप देते हुए शहर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper