विशेष राजस्व अभियान की समय सीमा 25 अप्रैल तक बढ़ाई गई
इंदौर। इन्दौर जिले के नागरिकों की राजस्व संबंधी समस्याओं और प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं राजस्व अभिलेखों को अद्यतन करने के उद्देश्य से सम्पूर्ण जिले में चलाये जा रहे विशेष राजस्व अभियान की अवधि को 25 अप्रैल 2026 तक बढ़ाया गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में राजस्व अभियान 30 मार्च तक आयोजित होना था।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने समस्त राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राजस्व अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाना सुनिश्चित करें। राजस्व अभियान की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत करें। प्रतिदिन की प्रगति गूगल शीट में दर्ज की जायेगी। संपूर्ण अभियान के समन्वय के लिये प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाता है, जो समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) से समन्वय स्थापित कर प्रतिदिन की प्रगति से अवगत करायेंगे। अभियान की पाक्षिक समीक्षा 26 अप्रैल 2026 को की जायेगी। विशेष राजस्व अभियान के दौरान राजस्व कार्यों की प्राथमिकता एवं निरंतरता को दृष्टिगत रखते हुए अभियान की अवधि में समस्त राजस्व अधिकारियों के पूर्व में स्वीकृत अवकाश निरस्त किये गए हैं।
अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा एवं जिनके द्वारा संतोषजनक कार्य नहीं किया गया है, उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। आगामी 25 अप्रैल के बाद जिस नागरिक द्वारा नियत दिनांक के पूर्व के लंबित प्रकरणों की सूचना दी जायेगी, उन्हें पुरस्कार स्वरूप 5 हजार रुपये की राशि प्रदाय की जायेगी। यह राशि संबंधित राजस्व अधिकारी से की जायेगी। उल्लेखनीय है कि अभियान के दौरान 28 फरवरी 2026 तक के लंबित राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने का लक्ष्य है।

