SECL की लापरवाही का नया उदाहरण मजदूर की मौत ने किया उजागर

  • Share on :

प्रदीप सिंह बघेल 
शहडोल। शहडोल जिले के SECL सोहागपुर क्षेत्र की बंगवार भूमिगत कोयला खदान में  मेंटेनेंस के दौरान बिजली के पोल से गिरकर एक ठेका मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा न सिर्फ एक परिवार के सहारे को छीन ले गया, बल्कि खदानों में काम कर रहे मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर गया है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर कब तक मजदूरों की जान यूं ही जोखिम में डालकर काम कराया जाता रहेगा। जरूरत है कि जिम्मेदार एजेंसियां सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करें, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो l

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम डोंगरा टोला, पोस्ट चचाई निवासी 43 वर्षीय मोहे लाल सिंह, पिता ठुन्नू सिंह, SECL में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत थे। रोजाना की तरह वे बुधवार को ड्यूटी पर पहुंचे और खान प्रबंधक कार्यालय के सामने स्थित बिजली के पोल पर मेंटेनेंस कार्य करने के लिए चढ़े थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। गिरने के कारण उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई, सहकर्मियों और प्रबंधन की मदद से उन्हें तुरंत केंद्रीय चिकित्सालय बुढ़ार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए आदित्य अस्पताल शहडोल रेफर किया गया। लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों और मजदूरों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के मजदूरों से काम लिया जा रहा था, जो हादसे का कारण बना। फिलहाल मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है। प्रबंधन की ओर से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, लेकिन इस हादसे ने SECL क्षेत्र में श्रमिक सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं इस मामले में धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो का कहना है कि उन्हें इस घटना की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper