सम्मान, संस्कार और सामाजिक एकजुटता का संगम बना राजपूत सेवा समिति का चतुर्थ अन्नकूट एवं दीपावली मिलन समारोह

  • Share on :

धार एसपी सचिन शर्मा ने नशामुक्त समाज का दिया संदेश, समाज की प्रतिभाओं एवं सेवाभावी सदस्यों का हुआ सम्मान
धार। राजपूत सेवा समिति इंदौर संभाग द्वारा 22 नवंबर 2026 को सिद्धनाथ मंदिर प्रांगण, धार में आयोजित चतुर्थ अन्नकूट एवं दीपावली मिलन समारोह भव्यता, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ संपन्न हुआ। समारोह में समाज की प्रतिभाओं, वरिष्ठजनों, समाजसेवियों, दानवीर सदस्यों एवं गणमान्य समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में धार पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने समाजजनों को संबोधित करते हुए नशामुक्ति के महत्व पर प्रभावशाली संदेश दिया। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उनका संदेश समाज के लिए प्रेरणादायी रहा। समिति ने एसपी श्री शर्मा का कार्यक्रम में पधारकर समारोह की गरिमा बढ़ाने एवं महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश देने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
समारोह का शुभारंभ पारंपरिक एवं धार्मिक वातावरण में हुआ। समिति अध्यक्ष ठाकुर शैलेंद्र सिंह हरिश्चंद्र परिहार ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी समाजजनों का अभिनंदन किया। उन्होंने संगठन की गतिविधियों, सामाजिक एकजुटता और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को शील्ड एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं संगठन को मजबूत बनाने में तन-मन-धन से योगदान देने वाले समर्पित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का भी सम्मान किया गया। यह सम्मान समाज में सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।
कार्यक्रम में ठाकुर राम सिंह सिसोदिया एवं अधिवक्ता ठाकुर मुकेश सिंह सिसोदिया ने मंच से अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज की एकता, संगठन की मजबूती और सामाजिक सहभागिता को समय की आवश्यकता बताया। वहीं क्षत्राणी नैना शैलेंद्र सिंह, क्षत्राणी शोभा ओमप्रकाश परिहार एवं क्षत्राणी वर्षा रत्नेश सिंह परिहार ने भी अपने विचारों से समाजजनों को प्रेरित किया।
समारोह का विशेष आकर्षण वरिष्ठ समाजसेवी ठाकुर छोगालाल जी सांखला साहब रहे, जिन्होंने अपनी स्वरचित कविता की शानदार प्रस्तुति से उपस्थित समाजजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सरस्वती वंदना, योग प्रदर्शन तथा एक नन्ही बालक बालिका द्वारा प्रस्तुत आकर्षक तलवारबाजी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इन प्रतिभाओं को भी शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पूरे कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन ठाकुर वीरेंद्र सिंह सिसोदिया ने किया। उन्होंने मंच से कार्यक्रम की प्रत्येक गतिविधि को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत किया।
समारोह के समापन अवसर पर समिति उपाध्यक्ष ठाकुर राजेश सिंह सोनिया ने धार एसपी श्री सचिन शर्मा, सभी समाजजनों, वरिष्ठजनों, प्रतिभाओं, दानदाताओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सभी समाजजनों ने सामूहिक रूप से अन्नकूट भोजन प्रसादी ग्रहण की।
समाज की प्रतिभाओं का सम्मान, वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन और युवाओं को नशामुक्ति का संदेश देने वाला यह आयोजन सामाजिक चेतना एवं संगठनात्मक शक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण बना। समारोह ने यह संदेश दिया कि जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है तो सामाजिक बदलाव की दिशा में सार्थक पहल संभव होती है।
समिति ने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी दानवीर, कर्मवीर एवं सेवाभावी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक समरसता, सेवा और संगठन की भावना के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper