शादी-विवाह सीजन को लेकर विदिशा पुलिस अलर्ट, मैरिज गार्डन एवं डीजे संचालकों की बैठक लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के दिए निर्देश
सीसीटीवी, पार्किंग, अग्नि सुरक्षा एवं ध्वनि सीमा के नियमों का पालन अनिवार्य, उल्लंघन पर होगी वैधानिक कार्रवाई
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। शादी-विवाह का सीजन प्रारंभ होने के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में आज दिनांक 23 नवम्बर 2026 को थाना कोतवाली एवं थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों के मैरिज गार्डन संचालकों एवं डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई।बैठक में शादी समारोहों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात का सुचारू संचालन, ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि समारोहों के दौरान आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।सीसीटीवी व्यवस्था: मैरिज गार्डन के मुख्य द्वार, पार्किंग एवं परिसर में सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रखें तथा रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखें।
पार्किंग व्यवस्था: वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थान पर ही करवाएं। सड़क एवं मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े न होने दें, जिससे यातायात बाधित न हो।ध्वनि प्रदूषण: डीजे निर्धारित ध्वनि सीमा एवं शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप ही संचालित करें। अनावश्यक तेज आवाज में डीजे न बजाएं।डीजे संचालन की अनुमति: डीजे संचालक शासन के नियमों एवं आवश्यक अनुमतियों का पालन करें तथा बिना अनुमति डीजे संचालित न करें।
रात्रि 10 बजे की समय-सीमा: रात्रि 10:00 बजे के बाद डीजे एवं लाउडस्पीकर का संचालन बंद रखें।
अश्लील एवं आपत्तिजनक गाने: डीजे पर अश्लील, भड़काऊ अथवा धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गाने न बजाएं।
अग्नि सुरक्षा: मैरिज गार्डन में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास द्वार एवं सुरक्षा के अन्य आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें।सुरक्षा व्यवस्था: मैरिज गार्डन में पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात रखें तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें।सड़क पर आयोजन नहीं: बारात, डीजे एवं आतिशबाजी के कारण मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति निर्मित न होने दें। आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें।नियमों का उल्लंघन: शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विदिशा पुलिस द्वारा सभी मैरिज गार्डन एवं डीजे संचालकों से अपील की गई है कि वे शादी-विवाह समारोहों के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं ध्वनि संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करें तथा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

