एकलव्य आदर्श आवासीय बालिका छात्रावास से गायब हुई छात्रा पाईप के सहारे उतरते देखा गया

  • Share on :

रिपोर्ट-प्रदीप सिंह बघेल 
शहडोल। शहडोल जिले के एकलव्य आवासीय विद्यालय छात्रावास ग्राम हर्री से 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। सुबह हाजिरी के दौरान वॉर्डन को छात्रा के गायब होने की जानकारी मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्रा को रात में पाइप के सहारे नीचे उतरते देखा गया था। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि संबंधित छात्रा के कमरे की अन्य छात्राएं छुट्टी पर थीं और वह रात में कमरे में अकेली सो रही थी। बगल के कमरे में रहने वाली एक छात्रा ने बताया कि रात करीब 10 बजे के बाद उसने लापता छात्रा को छात्रावास परिसर में बने सेप्टिक टैंक के पाइप के सहारे नीचे उतरते देखा था। हालांकि, उसने रात में इस संबंध में किसी को सूचना नहीं दी। सुबह जब छात्रा नहीं मिली तो पूरे मामले की जानकारी सामने आई।
छात्रावास की वॉर्डन उमंग भारद्वाज ने मामले की लिखित शिकायत सोहागपुर थाना में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है और छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और विभिन्न संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है। छात्रावास परिसर और आसपास के क्षेत्रों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि पूर्व में भी सोहागपुर थाना क्षेत्र के छात्रावासों से छात्राओं के लापता होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे अभिभावकों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने शीघ्र ही छात्रा को सकुशल बरामद करने का भरोसा दिलाया है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper