बच्ची को चाची ने बेरहमी से पीटा, दादी ने रिकॉर्ड किया वीडियो, नाना ने मांगा इंसाफ

  • Share on :

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक महिला एक 13 साल की लड़की को बेरहमी से पीटती हुई नजर आ रही है। इस दौरान लड़की जोर-जोर से चिल्ला रही है। महिला बच्ची के ऊपर चढ़कर उसे पीटने लगती है। जानकारी के मुताबिक, लड़की को पीट रही महिला उसकी चाची बताई जा रही है।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कमरे के कोने में लड़की को नीचे गिराकर महिला उसे पीट रही है। महिला ने उसके ऊपर पैर भी रखे। दोनों हाथों से वह उसे ताबड़तोड़ थप्पड़ मार रही है। जानकारी के मुताबिक, मारपीट का यह वीडियो लड़की की दादी ने रिकॉर्ड किया है। वीडियो सामने आने के बाद लड़की के नाना ने पुलिस थाना दीनदयाल नगर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
वीडियो में सुना जा सकता है कि लड़की महिला से कहती है मुझे उठने दो, मेरा दम घुट रहा है। वीडियो बना रही दादी भी महिला से बच्ची को छोड़ने के लिए कहती हैं। इस दौरान लड़की महिला का हाथ काट कर बचने की कोशिश करती भी नजर आती है। लड़की अपने पिता को बुलाती है। इसपर महिला कहती है कि बुला ले अपने डैडी को, मैं अपनी औलादों की भी नहीं सुनती हूं।
लड़की के नाना अशोक कुमार टांक ने बताया, 'मेरे पास एक वीडियो आया है। उसमें मेरी एक बेटी जिसकी जुड़वा बेटियां हैं, एक बेटी उसके पास रहती है और दूसरी अपने दादा-दादी के पास। तो जो बच्ची दादा-दादी के साथ रहती है, उसे उसकी चाची बेरहमी से पीट रही है। वीडियो देखकर मुझसे रहा नहीं गया। मैंने आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस बच्ची से मिलकर आई है। उसका वीडियो भी मुझे दिखाया गया है। वीडियो में बच्ची काफी डरी हुई महसूस कर रही है। बच्ची सही तरीके से जवाब नहीं दे पा रही थी।' उन्होंने बताया कि मेरी बेटी के तलाक के बाद यह तय हुआ था कि एक बेटी पति और दूसरी पत्नी के साथ रहेगी।
पुलिस के मुताबिक, यह वीडियो दो-तीन महीने पुराना है। बुधवार को वीडियो सामने आने के बाद बच्ची के नाना ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में जांच की जा रही है। बच्ची का स्टेटमेंट भी लिया जाएगा। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
साभार लाइव हिन्दुस्तान 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper