डोल ग्यारस पर 53वें वर्ष में निकलेगा श्री बलाई समाज का भव्य डोल जुलूस
सांवरिया सेठ और बाबा महाकाल की भस्म सवारी की मनमोहक झांकी रहेगीd विशेष आकर्षण
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। डोल ग्यारस के पावन अवसर पर श्री बलाई सकल पंच राधा-कृष्ण मंदिर एवं धर्मशाला समिति द्वारा इस वर्ष 53वें डोल ग्यारस समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कटकटपुरा, जूनी इंदौर स्थित मंदिर से 22 सितंबर 2026, मंगलवार को श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ पारंपरिक डोल जुलूस निकाला जाएगा।
श्री बलाई समाज द्वारा आयोजित यह डोल ग्यारस यात्रा लंबे समय से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा रही है। इस वर्ष 53वें वर्ष में प्रवेश कर रहे इस आयोजन को बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
जुलूस में भगवान श्री राधा-कृष्ण को आकर्षक डोल में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान विभिन्न आकर्षक झांकियां, डोल-ताशे और बैंड के साथ धार्मिक वातावरण देखने को मिलेगा।
सांवरिया सेठ और बाबा महाकाल की झांकी बनेगी आकर्षण
इस बार डोल जुलूस में विशेष रूप से श्री सांवरिया सेठ की भव्य झांकी तथा बाबा महाकाल की भस्म सवारी की मनमोहक झांकी शामिल की जाएगी। दोनों झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इसके साथ ही विभिन्न अखाड़ों के कलाकार पारंपरिक शौर्य एवं करतबों का प्रदर्शन करेंगे। डोल-ताशे, बैंड और अखाड़ों के प्रदर्शन के साथ पूरा जुलूस भक्तिमय और उत्साहपूर्ण नजर आएगा।
समिति अध्यक्ष एवं संयोजक अशोक कुमार (मुन्ना) मालवीय ने बताया कि डोल ग्यारस की यह परंपरा समाज की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हुई है। इस परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाते हुए निरंतर आगे बढ़ाना समिति का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि 53वें वर्ष के डोल को बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन को लेकर समिति के संरक्षक धर्मराज प्रधान, अध्यक्ष अशोक कुमार (मुन्ना) मालवीय, उपाध्यक्ष चन्द्रेश्वर मालवीय एवं राजकुमार राठौर (पटेल), सचिव जयराज प्रधान, सहसचिव सन्नी जुझारिया, कोषाध्यक्ष अनिल मालवीय सहित समिति के पदाधिकारी एवं समाजजन तैयारियों में जुटे हुए हैं।
डोल ग्यारस के इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज की पारंपरिक संस्कृति और विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।

