छात्रावास के प्रभारी प्राचार्य एवं छह छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ी
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र स्थित सरस्वती शासकीय शिक्षा परिसर के छात्रावास में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक साथ छह छात्राओं और प्रभारी प्राचार्य की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को सांस लेने में तकलीफ और पेट दर्द की शिकायत होने पर तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात से ही कुछ छात्राओं को हल्का पेट दर्द और बेचैनी महसूस हो रही थी। शुरुआत में मामला सामान्य समझा गया, लेकिन शनिवार दोपहर अचानक कई छात्राओं की हालत बिगड़ने लगी। सांस लेने में दिक्कत बढ़ने पर छात्रावास प्रशासन ने आनन-फानन में छह छात्राओं और प्रभारी प्राचार्य को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में छात्राओं ने बताया कि उन्हें शुक्रवार शाम से पेट दर्द की शिकायत थी, जो शनिवार को गंभीर रूप ले गई। फिलहाल सभी का उपचार जारी है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
घटना ने छात्रावास की व्यवस्थाओं पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या छात्राओं को परोसे गए भोजन में किसी प्रकार की गड़बड़ी थी? क्या भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की नियमित जांच होती है? यदि छात्राएं शुक्रवार रात से अस्वस्थ थीं, तो उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता क्यों नहीं मिली? इन सवालों के जवाब अब प्रशासन को देने होंगे।
यदि यह मामला भोजन की गुणवत्ता से जुड़ा है, तो यह केवल एक लापरवाही नहीं बल्कि छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ माना जाएगा। वहीं यदि किसी अन्य कारण से छात्राओं की तबीयत बिगड़ी है, तो उसका भी समय रहते खुलासा होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। हालांकि अभी तक छात्राओं और प्रभारी प्राचार्य की तबीयत बिगड़ने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस घटना के पीछे भोजन, किसी अन्य स्वास्थ्य संबंधी कारण या किसी और लापरवाही की भूमिका थी।

