रोमांच की पराकाष्ठा: सुपर ओवर में हारा भारत-ए, श्रीलंका-ए 6 रन से जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर
दांबुला। भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच सोमवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले का फैसला सुपर ओवर में हुआ, जहां मेजबान श्रीलंका-ए ने भारत-ए को छह रन से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। निर्धारित 50 ओवर में दोनों टीमों ने 265-265 रन बनाए, जिसके बाद मैच सुपर ओवर तक पहुंचा।
टॉस जीतकर श्रीलंका-ए ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत-ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही और विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह 13 गेंदों पर 11 रन बनाकर मोहम्मद शिराज का शिकार बने। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावित किया। उन्होंने 14 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाए, लेकिन साहन अराचिगे ने उन्हें पवेलियन भेज दिया।
इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। गायकवाड़ 42 गेंदों पर 37 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक वर्मा 32 गेंदों में 23 रन ही बना सके। मध्यक्रम में आयुष बदोनी (15) और निशांत सिंधु (6) भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। अनुकूल रॉय ने 8 रन का योगदान दिया। हालांकि, निचले क्रम में विप्रज निगम और सूर्यांश शेडगे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारत-ए की वापसी कराई। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 104 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। सूर्यांश शेडगे ने 66 गेंदों पर 72 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं, विप्रज निगम ने 49 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 51 रन बनाए। इन पारियों के दम पर भारत-ए की टीम 49.2 ओवर में 265 रन पर सिमट गई। श्रीलंका-ए की ओर से मोहम्मद शिराज और विजयकांत ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि साहन अराचिगे, कुगथास और वानुजा सहान को एक-एक सफलता मिली।
266 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका-ए ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 265 रन बनाकर मुकाबला बराबरी पर समाप्त किया। भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट लेकर मैच पर पकड़ बनाने की कोशिश की, लेकिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने अंत तक हार नहीं मानी और स्कोर बराबर कर दिया।
टाई होने के बाद मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर में 16 रन बनाए और भारत-ए के सामने 17 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में भारत-ए की टीम दबाव में बिखर गई और सिर्फ 10 रन ही बना सकी। इस तरह श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर में छह रन से जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ श्रीलंका-ए ने तीन अंक हासिल किए और अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई। वहीं, भारत-ए को टूर्नामेंट में दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
साभार अमर उजाला

